रूस में सात तीव्रता का आया भूकंप: जापान में 9.9 तीव्रता के अलर्ट से मची अफरातफरी, 12 मिनट बाद वापस लिया अलर्ट

रूस के कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार दोपहर 7 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन इसके कुछ देर बाद जापान की मौसम एजेंसी की एक गलती से देशभर में हड़कंप मच गया। एजेंसी ने गलती से 9.9 तीव्रता के भूकंप की चेतावनी जारी कर दी। रूस के कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे रिक्टर स्केल पर 7 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
भूकंप के कुछ देर बाद जापान की मौसम एजेंसी ने गलती से 9.9 तीव्रता के भूकंप की चेतावनी जारी कर दी। इतनी तीव्रता का भूकंप आज तक दर्ज नहीं किया गया है। अलर्ट जारी होते ही देशभर में अफरातफरी मच गई। हालांकि, एजेंसी ने करीब 12 मिनट बाद अलर्ट वापस ले लिया और इस गलती के लिए माफी मांगी। जापान की भूकंप चेतावनी प्रणाली जमीन पर लगे सेंसर से मिले शुरुआती आंकड़ों के आधार पर कुछ ही सेकंड में भूकंप की तीव्रता और उसके असर का अनुमान लगाती है। शुरुआत में आंकड़े अधूरे होने के कारण अनुमान गलत हो सकता है।
गलत चेतावनी हुई जारी
जेएमए ने बताया कि भूकंप की तीव्रता का जरूरत से ज्यादा अनुमान लगाने के कारण गलत चेतावनी जारी हुई थी। एजेंसी अब इसकी वजह की जांच कर रही है। शुरुआती आंकड़े अधूरे होने, भूकंप का निगरानी केंद्रों से दूर आने या आसपास एक साथ कई भूकंप आने से अनुमान प्रभावित हो सकता है। हालांकि, इस मामले में सेंसर या सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी जैसी किसी वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
2025 में 1200 से ज्यादा आए भूकंप
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में कामचटका में 1200 से ज्यादा भूकंप दर्ज किए गए थे। इनमें से अधिकांश छोटे-मोटे (2.0 से 4.0 तीव्रता के बीच) थे लेकिन 4.0 या इससे ऊपर के 150 से ज्यादा भूकंप हुए। इस क्षेत्र में पिछले साल 3 बड़े भूकंप 7.0 या उससे अधिक तीव्रता के दर्ज किए गए थे। साल 2025 का सबसे विनाशकारी भूकंप जुलाई में कामचटका में आया था जिसकी तीव्रता 8.8 मापी गई थी। यह पिछले 10 वर्षों का सबसे बड़ा झटका था जिसने कई देशों को प्रभावित किया था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

