रूस ने यूक्रेन पर किया ड्रोन-मिसाइल हमला: आठ की मौत, कई लोग हुए घायल, कई इमारतों में लगी आग

2 घंटे पहले
आठ की मौत, कई लोग हुए घायल, कई इमारतों में लगी आग

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच गुरुवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया। हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, 39 लोग घायल हुए हैं। कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

करीब चार वर्षों से जारी युद्ध के बीच रूस ने गुरुवार सुबह कीव को निशाना बनाते हुए व्यापक हवाई हमला किया। राजधानी में एक के बाद एक कई धमाकों से दहशत फैल गई। कई इलाकों में आग लग गई। हमले के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में धुएं का गुबार दिखाई दिया। कई रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हमले में आठ लोगों की मौत हुई है और 39 लोग घायल हुए हैं।

पहले ही दी गई थी हमले की चेतावनी

रिपोर्ट के अनुसार, हमले से कुछ घंटे पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि रूस राजधानी पर बड़े पैमाने पर हमला कर सकता है। देर रात जैसे ही हवाई हमले के सायरन बजे, बड़ी संख्या में लोग अपने पालतू जानवरों और जरूरी सामान के साथ मेट्रो स्टेशनों तथा भूमिगत बंकरों में शरण लेने पहुंच गए।

मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे हुए हमलों के दौरान कीव के मध्य क्षेत्र में स्थित एक नौ मंजिला रिहायशी इमारत पूरी तरह ढह गई। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में आग लग गई। वहीं, एक होटल की छत और कई मकान भी आग की चपेट में आ गए। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहा है। शुरुआती रिपोर्ट में पांच मेडिकल कर्मचारियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

बाद में सामान्य हुई स्थिति

रूस के हमले को देखते हुए पड़ोसी देश पोलैंड ने भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा। हालांकि हालात सामान्य होने के बाद पोलैंड ने अपने लड़ाकू विमानों की सुरक्षा उड़ानों को रोक दिया। पोलैंड की सशस्त्र सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हमले के दौरान उसकी हवाई सीमा का किसी भी प्रकार से उल्लंघन नहीं हुआ और देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित रहीं।

यूक्रेन के हमलों के बाद बढ़ा तनाव

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन ने भी रूस के मॉस्को, क्रीमिया और अन्य अंदरूनी इलाकों में ड्रोन हमले तेज किए हैं। यूक्रेन लगातार रूस के ईंधन ठिकानों को निशाना बना रहा है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध जारी रखना चाहते हैं। इसलिए ऐसी परिस्थितियां बनानी होंगी कि रूस के लिए युद्ध जारी रखना कठिन हो जाए। वहीं रूस की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यूक्रेन को लगातार हथियार उपलब्ध कराने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति जेलेंस्की को 'आतंकवादी सोच' वाला नेता भी बताया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।