हिंद महासागर में भारत की बढ़ी साख: सेशेल्स में मिला पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान, गार्ड ऑफ ऑनर से किया सम्मानित

1 घंटा पहले
सेशेल्स में मिला पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान, गार्ड ऑफ ऑनर से किया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब तक 34 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से अलंकृत हो चुके हैं। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों देशों से हिंद महासागर को शांति, समृद्धि और अवसरों का महासागर बनाने की दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया।

सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया में आयोजित औपचारिक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं है। भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और सेशेल्स की साझेदारी आने वाले समय में और अधिक मजबूत होगी। हिंद महासागर क्षेत्र में विकास और सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगी।

पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मिली वैश्विक पहचान

प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने और सतत विकास की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। पर्यावरण के क्षेत्र में यह उन्हें मिला तीसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इससे पहले मई 2026 में संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी खाद्य एवं कृषि संगठन ने उन्हें एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया था। वहीं, वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें अपने सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान 'चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड' से नवाजा था। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर भारत की पहल को लगातार सराहना मिलती रही है।

द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने पर बनी सहमति

सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-सेशेल्स संबंधों की प्रगति की समीक्षा करते हुए क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश उद्योग, व्यापार, संपर्क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अपने अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता को सेशेल्स के साथ साझा करेगा।

हिंद महासागर क्षेत्र पर भारत का विशेष फोकस

प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे थे। रविवार को विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच व्यापक वार्ता हुई। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ समुद्री सुरक्षा, संपर्क, व्यापार और विकास सहयोग को और मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है। दोनों देशों ने भविष्य में साझेदारी को और व्यापक बनाने तथा साझा हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।