सूडान में ड्रोन हमले से दहला एमिएट बाजार: 153 लोगों की मौत, गृहयुद्ध के बीच नागरिकों पर खतरा बढ़ा

153 लोगों की मौत, गृहयुद्ध के बीच नागरिकों पर खतरा बढ़ा

अफ्रीका में जारी संघर्षों के बीच आम नागरिकों पर हमलों का खतरा लगातार गंभीर होता जा रहा है। सूडान और दक्षिणी सूडान के बीच विवादित क्षेत्र अबेई के एमिएट बाजार में हुए ड्रोन हमले में कम से कम 153 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हमला बाजार में पेट्रोल पंप के पास हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आग तेजी से फैल गई और आसमान में ऊंची लपटें उठने लगीं। अचानक हुए हमले से बाजार में भगदड़ मच गई। कई लोग घायल हुए हैं और आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

अबेई के सूचना मामलों के कार्यवाहक मंत्री योहाना अकोल नगोर ने मंगलवार को हमले के लिए सूडान की सेना को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, उन्होंने अपने आरोप के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। दक्षिण सूडान के विदेश मंत्रालय ने भी सूडानी सेना पर निशाना साधते हुए कहा कि हमले में बाजार के कई हिस्सों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय के मुताबिक, इस घटना में आम नागरिकों की जान गई और संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा। हमले के लिए जिम्मेदारी तय करने को लेकर स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

2023 से गृहयुद्ध की चपेट में सूडान

सूडान की सेना और अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के बीच अप्रैल 2023 से संघर्ष जारी है। समय के साथ यह टकराव गृहयुद्ध में बदल गया है और आम नागरिक इसकी भारी कीमत चुका रहे हैं। पिछले साल सूडान के अल-फाशर में अर्धसैनिक बलों ने एक मस्जिद पर ड्रोन हमला किया था, जिसमें 43 लोगों की मौत हुई थी। हाल के महीनों में ड्रोन हमलों में बढ़ोतरी ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

माली में भी आतंकवादी हमले में 48 की मौत

इस बीच, माली के पूर्वी मेनाका क्षेत्र में सप्ताहांत हुए हमले में 48 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, एक सांसद ने बताया कि इस हमले को इस्लामिक स्टेट से जुड़े समूह के आतंकवादियों ने अंजाम दिया। मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सूडान और माली की घटनाएं अफ्रीका के संघर्षग्रस्त इलाकों में आम लोगों की बढ़ती मुश्किलों और सुरक्षा संकट की गंभीर तस्वीर पेश करती हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।