इतिहास में पहली बार एक मंच पर जुटे: शी चिनफिंग, ट्रंप और पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक, परमाणु हथियार और AI पर होगी चर्चा

सेव सूची

चीन, अमेरिका और रूस के राष्ट्रपतियों के बीच पहली बार त्रिपक्षीय बैठक होने जा रही है। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस हाई-प्रोफाइल बैठक की तारीख और स्थान की पुष्टि कर दी है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग 19 नवंबर को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन से इतर शेनझेन में अपने समकक्षों की अगवानी करेंगे। वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मेजबानी करेंगे। चीन 18 और 19 नवंबर को APEC आर्थिक नेताओं की 33वीं बैठक की मेजबानी कर रहा है। जिसमें इस समूह के 21 सदस्य देशों के नेता शामिल होंगे।

किन वैश्विक मुद्दों पर होगी बात

यह बैठक तीनों महाशक्तियों के राष्ट्रपतियों के बीच होने वाला पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा। इसमें कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। परमाणु हथियारों में कटौती, यह सबसे महत्वपूर्ण विषय माना जा रहा है।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का नियमन भी अहम है। परमाणु हथियारों में AI के इस्तेमाल को नियंत्रित करने पर संभावित सहमति बनाई जाएगी। ईरान सहित अन्य वैश्विक संघर्षों पर विचार-विमर्श होगा। वैश्विक शासन व्यवस्था को लेकर व्यापक वैश्विक ढांचे के तहत नियम तय करने पर बात करेंगे।

परमाणु संधि खत्म होने के बाद बढ़ी चिंता

परमाणु हथियारों पर चर्चा ऐसे समय में होगी। जब फरवरी में अमेरिका और रूस के बीच न्यू स्टार्ट संधि की अवधि समाप्त हो चुकी है। यह दोनों देशों के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण से जुड़ा आखिरी बड़ा द्विपक्षीय समझौता था। इस संधि के तहत दोनों देशों के परमाणु जखीरे पर कानूनी रूप से बाध्यकारी सीमाएं तय थीं। इसके खत्म होने के बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के पास अब ऐसी कोई बाध्यकारी सीमा नहीं रह गई है। जिससे वैश्विक हथियार नियंत्रण के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पिछले सप्ताह कहा था। "राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि अन्य विषयों के अलावा वह दुनिया में परमाणु हथियारों में कटौती पर भी चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि इन हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है।"

चीन का रुख और एजेंडा तय करने में लंबी बातचीत

बीजिंग ने अभी तक त्रिपक्षीय परमाणु वार्ता में बहुत कम दिलचस्पी दिखाई है। चीन का तर्क है कि अमेरिका और रूस की तुलना में उसका परमाणु जखीरा काफी छोटा है। इसके अलावा, चीन ने बार-बार कहा है कि वह वैश्विक मामलों में बड़ी शक्तियों के संयुक्त शासन की अवधारणा में विश्वास नहीं करता। हांगकांग के अखबार 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' के अनुसार, बैठक में AI को नियंत्रित करने के लिए संभावित प्रतिबद्धताओं पर भी चर्चा हो सकती है। अखबार ने बताया कि तीनों देशों ने एजेंडा और प्रक्रिया तय करने के लिए कई सप्ताह तक बातचीत की थी।

ईरान और यूक्रेन का मुद्दा

त्रिपक्षीय बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठ सकता है। चीन ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और उसके कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। इसलिए तेहरान से जुड़े संघर्ष में बीजिंग के आर्थिक हित भी जुड़े हुए हैं। वहीं, अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि यूक्रेन में जारी युद्ध इस त्रिपक्षीय वार्ता का हिस्सा नहीं होगा। क्योंकि वाशिंगटन इस संघर्ष पर मॉस्को के साथ अलग से बातचीत कर रहा है। अखबार के मुताबिक, रूस ने भी यूक्रेन युद्ध पर चर्चा को लेकर अनिच्छा जताई है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।