नोबेल न मिलने पर भड़के ट्रंप: आठ युद्ध सुलझाने का दावा, पुरस्कार न देने पर नार्वे की आलोचना की

नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क उठे। उनका दावा है कि उन्होंने आठ युद्ध सुलझाए हैं इसलिए उन्हें आठ नोबेल शांति पुरस्कार मिलने चाहिए थे। ट्रंप ने शुक्रवार को सिरैक्यूज में एक रैली के दौरान पुरस्कार नहीं देने के फैसले पर नॉर्वे की जमकर आलोचना की। कहा कि अमेरिका को यह पुरस्कार नहीं मिलना देश के लिए एक ऐसा दाग है, जिसे मिटाया नहीं जा सकेगा। कहा कि कुछ कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों ने नोबेल शांति पुरस्कार की साख हमेशा के लिए खत्म कर दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका यह नहीं भूलेगा कि नॉर्वे ने उसे यह पुरस्कार नहीं दिया।
ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने परमाणु हथियारों से लैस भारत और पाकिस्तान को युद्ध में उलझने से रोका और इससे पांच करोड़ लोगों की जान बचाई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका, जिससे पूरा मध्य पूर्व तबाह होने से बच गया। ट्रंप के मुताबिक, इसका असर यूरोप और संभवतः अमेरिका तक पड़ सकता था। ये सभी दावे ट्रंप ने अपने संबोधन में किए।
ट्रंप ने नोबेल विजेता पर कसा तंज
इस साल नोबेल शांति पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका की पूर्व संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख नवी पिल्लई को दिया गया है। ट्रंप ने पुरस्कार विजेता पर तंज कसते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र में काम करने वाली एक उदारवादी विचारों की व्यक्ति को यह पुरस्कार मिला है, जिसके बारे में उन्होंने पहले कभी नहीं सुना था। उन्होंने पिल्लै को बधाई भी दी।
ओबामा पर भी उठाए थे सवाल
अमेरिका के चार राष्ट्रपति नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। इनमें थियोडोर रूजवेल्ट, वुडरो विल्सन, जिमी कार्टर और बराक ओबामा शामिल हैं। ओबामा को 2009 में राष्ट्रपति बनने के पहले ही साल यह पुरस्कार मिला था। ट्रंप लंबे समय से ओबामा को पुरस्कार दिए जाने पर सवाल उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि ओबामा को बिना कुछ किए ही नोबेल पुरस्कार मिल गया था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

