कौन होंगे नए जेम्स बॉन्ड, खत्म हुआ इंतजार!: रॉबर्ट पैटिनसन के हाथ लगी 007 की कमान, जानिए फिल्म की पूरी डिटेल

सेव सूची

हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। 'ट्वाइलाइट' में वैम्पायर एडवर्ड कुलेन और 'द बैटमैन' में ब्रूस वेन का किरदार निभाने वाले रॉबर्ट अब दुनिया के सबसे मशहूर जासूस जेम्स बॉन्ड के रूप में नजर आएंगे। अमेजन MGM स्टूडियोज ने 16 नवंबर को आधिकारिक तौर पर उन्हें अगले जेम्स बॉन्ड के रूप में पेश किया। वह अभिनेता डेनियल क्रेग की जगह एजेंट 007 की जिम्मेदारी संभालेंगे।

40 वर्षीय पैटिनसन जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे। इससे पहले सीन कॉनरी, जॉर्ज लेजेनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग इस भूमिका में नजर आ चुके हैं। पैटिनसन के चयन के साथ कई साल से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

'007 बनना जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान'

जेम्स बॉन्ड की भूमिका मिलने पर रॉबर्ट पैटिनसन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित किरदारों में से एक है और एजेंट 007 की भूमिका मिलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने अमेजन MGM स्टूडियोज और फिल्म से जुड़े निर्देशक एवं निर्माताओं का आभार जताया। पैटिनसन ने कहा कि यह भूमिका उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है।

अमेजन MGM ने उनके जेम्स बॉन्ड वाले पहले आधिकारिक लुक की तस्वीर भी जारी की है। इसमें पैटिनसन ब्लैक सूट में हाथ में पिस्तौल लिए नजर आ रहे हैं। निर्देशक डेनिस विलेन्यूव ने भी उनका स्वागत करते हुए कहा कि पैटिनसन में जेम्स बॉन्ड की खास पहचान के साथ एक नया अंदाज लाने की क्षमता है।

डेनिस विलेन्यूव करेंगे निर्देशन, 'पीकी ब्लाइंडर्स' के लेखक लिखेंगे कहानी

नई जेम्स बॉन्ड फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूव करेंगे। वह 'ड्यून', 'ड्यून: पार्ट टू', 'ब्लेड रनर 2049' और 'अराइवल' जैसी चर्चित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की पटकथा स्टीवन नाइट लिखेंगे। वह लोकप्रिय वेब सीरीज 'पीकी ब्लाइंडर्स' के निर्माता और लेखक हैं। फिल्म का निर्माण एमी पास्कल और डेविड हेमैन करेंगे, जबकि तान्या लैपॉइंट कार्यकारी निर्माता होंगी।

यह अमेजन MGM के रचनात्मक नियंत्रण में बनने वाली पहली जेम्स बॉन्ड फिल्म होगी। मार्च 2025 में अमेजन MGM ने लंबे समय तक फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे बारबरा ब्रोकोली और माइकल जी. विल्सन के साथ समझौते के बाद जेम्स बॉन्ड के रचनात्मक नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली थी।

डेनियल क्रेग ने 2021 में छोड़ा था जेम्स बॉन्ड का किरदार

डेनियल क्रेग ने करीब 16 साल तक जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाया। उन्होंने कुल पांच फिल्मों में एजेंट 007 की भूमिका निभाई। उनकी आखिरी फिल्म 'नो टाइम टू डाई' साल 2021 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में जेम्स बॉन्ड की कहानी का अंत दिखाया गया था।

इसके बाद से ही नए जेम्स बॉन्ड को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। कई हॉलीवुड अभिनेताओं के नाम सामने आए, लेकिन अब अमेजन MGM ने रॉबर्ट पैटिनसन के नाम पर मुहर लगा दी है।

'हैरी पॉटर' से शुरू हुआ था रॉबर्ट पैटिनसन का सफर

रॉबर्ट पैटिनसन का जन्म 13 मई 1986 को लंदन में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रखा। साल 2005 में आई फिल्म 'हैरी पॉटर एंड द गॉब्लेट ऑफ फायर' में उन्होंने सेड्रिक डिगरी का किरदार निभाया था।

हालांकि, उन्हें दुनियाभर में असली पहचान 'ट्वाइलाइट' फिल्म सीरीज से मिली। इसमें उन्होंने एडवर्ड कुलेन नाम के वैम्पायर की भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने 'द लाइटहाउस', 'गुड टाइम', 'टेनेट' और 'द बैटमैन' जैसी फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई।

आने वाले समय में वह 'ड्यून: पार्ट थ्री' और 'द बैटमैन पार्ट-2' में भी नजर आएंगे। अब जेम्स बॉन्ड की भूमिका उनके करियर का एक नया अध्याय होगी।

कब रिलीज होगी नई जेम्स बॉन्ड फिल्म?

रॉबर्ट पैटिनसन की जेम्स बॉन्ड के रूप में पहली फिल्म अभी शुरुआती विकास के चरण में है। फिल्म का आधिकारिक नाम और रिलीज की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है। फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि,रिपोर्टस् के मुताबिक, फिल्म का निर्माण अगले साल शुरू होने की उम्मीद है। फिल्म को फिलहाल 'बॉन्ड 26' कहा जा रहा है। ऐसे में दर्शकों को नए जेम्स बॉन्ड को बड़े पर्दे पर देखने के लिए अभी इंतजार करना होगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।