सर्दियों में गायब हो जाती है चेहरे की प्राकृतिक नमी: ठंड में रात को चेहरे पर लगाएं ये पांच चीजें, सुबह गुलाब सा ​खिल उठेगा चेहरा

ठंड में रात को चेहरे पर लगाएं ये पांच चीजें, सुबह गुलाब सा ​खिल उठेगा चेहरा
सेव सूची

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ठंडी हवाएं त्वचा की प्राकृतिक नमी छीन लेती हैं, जिससे चेहरा रूखा, बेजान और खिंचा-खिंचा नजर आने लगता है। स्किन एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिन के मुकाबले रात के समय हमारी त्वचा खुद को बेहतर तरीके से रिपेयर करती है। ऐसे में यदि आप सोने से पहले अपने चेहरे पर सही चीजों का इस्तेमाल करते हैं, तो सुबह आपकी त्वचा न केवल मुलायम रहेगी बल्कि उसमें एक प्राकृतिक निखार भी दिखेगा।

चेहरे की चमक को बनाए रखने के लिए सर्दियों में चेहरे को बहुत अधिक गर्म पानी से न धोएं, इसके लिए गुनगुने पानी का ही इस्तेमाल करें। चेहरा धोने के बाद तौलिए से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं। शरीर को अंदर से हाइड्रेट रखने के लिए ठंड के मौसम में भी दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। आइए जानते है उन पांच असरदार चीजों के बारे में, जिन्हें सर्दियों की रात में चेहरे पर लगाकर हम अपनी रूखी त्वचा से छुटकार पा सकते हैं।

गुलाब जल और ग्लिसरीन का मिश्रण

सर्दियों में त्वचा को गहराई से नमी देने के लिए ग्लिसरीन सबसे बेहतरीन विकल्प है। रात को सोने से पहले एक चम्मच गुलाब जल में आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह एक प्राकृतिक टोनर की तरह काम करता है, जो रातभर त्वचा को हाइड्रेट रखता है और सुबह चेहरे को बेहद स्मूथ बनाता है।

शुद्ध देसी घी से हल्की मसाज

दादी-नानी के जमाने का यह नुस्खा सर्दियों में किसी वरदान से कम नहीं है। घी में मौजूद प्राकृतिक फैटी एसिड्स त्वचा के रूखेपन को तुरंत दूर करते हैं। सोने से पहले चेहरे को साफ करके एक चुटकी देसी घी से 2-3 मिनट हल्की मसाज करें। 15 मिनट बाद अतिरिक्त घी को टिश्यू पेपर से हल्का पोंछ लें और सो जाएं। सुबह आपको ग्लास जैसी चमकती त्वचा मिलेगी।

एलोवेरा जेल और विटामिन-ई

यदि आपको रात में चेहरे पर भारी तेल या क्रीम लगाना पसंद नहीं है, तो एलोवेरा जेल एक हल्का और असरदार विकल्प है। ताजे एलोवेरा जेल में एक विटामिन-ई कैप्सूल का तेल मिलाकर चेहरे पर लगाएं। यह त्वचा के दाग-धब्बों को कम करने के साथ-साथ ठंड से फटने वाली त्वचा की मरम्मत करता है।

सेरामाइड्स और हायलूरोनिक एसिड युक्त मॉइस्चराइजर

जिन लोगों की त्वचा सर्दियों में बहुत अधिक रूखी हो जाती है और धोने के बाद खिंचाव महसूस होता है, उन्हें रात में एक गाढ़ा मॉइस्चराइजर या नाइट क्रीम जरूर लगानी चाहिए। क्रीम खरीदते समय यह सुनिश्चित करें कि उसमें हायलूरोनिक एसिड, सेरामाइड्स या शीया बटर मौजूद हो। ये तत्व त्वचा में नमी को लॉक करने में मदद करते हैं।

कच्चे दूध से क्लींजिंग

रात में कुछ भी लगाने से पहले चेहरे की सफाई बेहद जरूरी है। ठंड में केमिकल वाले फेस वॉश की जगह रूई की मदद से कच्चे दूध से चेहरा साफ करें। दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की गहराई से गंदगी निकालता है और उसकी प्राकृतिक नमी को बरकरार रखता है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।