पौष्टिक सब्जियों में शामिल 'बथुआ': सेहत के लिए औषधि से कम नहीं, शरीर को गर्म करने के साथ पाचन तंत्र को रखता हैं दुरुस्त

सर्दियों के मौसम की शुरुआत होते ही बाजारों में हरी पत्तेदार सब्जियों की बहार आ जाती है। इन्हीं पौष्टिक सब्जियों में शामिल 'बथुआ' सेहत के लिए किसी औषधि से कम नहीं है। आयरन, फाइबर, कैल्शियम और कई जरूरी विटामिन से भरपूर बथुआ शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ-साथ पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखता है।
अगर आप रोजाना की सादी रोटी खाकर ऊब चुके हैं, तो अपनी सर्दियों की थाली में गर्मागर्म बथुए की रोटी को जरूर जगह दें। स्वाद और सेहत के इस बेहतरीन मेल को घर पर तैयार करना बेहद आसान है। तो आइयें जानते है इसमें इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री।
• गेहूं का आटा: दो कप
• ताजा बथुआ: 250 ग्राम
• अदरक-लहसुन पेस्ट: एक छोटा चम्मच
• हरी मिर्च: एक से दो (बारीक कटी हुई)
• अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
• नमक: स्वादानुसार
• देसी घी: एक बड़ा चम्मच
• गुनगुना पानी: आटा गूंथने के लिए
पराठा बनाने की विधी
सबसे पहले बथुए के मोटे डंठल हटा दें और पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि मिट्टी पूरी तरह निकल जाए। इसके बाद बथुए को बारीक काट लें। अधिक मुलायम रोटी बनाने के लिए बथुए को हल्का उबालकर उसकी प्यूरी भी तैयार की जा सकती है। अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें कटा हुआ बथुआ, हाथों से मसलकर अजवाइन, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक और एक चम्मच देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सामान्य रोटी जैसा नरम आटा गूंथ लें और इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। तय समय के बाद आटे की छोटी लोइयां बनाएं और सूखे आटे की मदद से गोल रोटियां बेल लें। गर्म तवे पर रोटियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। आप इसे तवे पर घी लगाकर पराठे की तरह सेंक सकते हैं या सीधे आंच पर फुलाकर ऊपर से मक्खन या देसी घी लगा सकते हैं।
सर्व करने का बेहतरीन तरीका
गर्मागर्म बथुए की रोटी को घर के बने सफेद मक्खन, ताजे दही, लहसुन की चटनी या अपनी मनपसंद किसी भी दाल और सब्जी के साथ परोसें। सर्दियों के मौसम में यह एक संपूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक आहार है। इसको खाने से पाचन में सुधार होता हैं। इसमें मौजूद उच्च फाइबर कब्ज और पेट की अन्य समस्याओं से राहत दिलाता है। बथुआ आयरन का बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने में मदद करता है। विटामिन-ए और सी से भरपूर होने के कारण यह सर्दियों में मौसमी बीमारियों से बचाता है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।