आंत के स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन होता है अदरक: मौजूद होते है 400 से ज्यादा प्राकृतिक यौगिक, शरीर को कई बीमारियों से बचाने में करता है मदद

दुनिया भर में लोग सैकड़ों सालों से अदरक का इस्तेमाल खाना पकाने और बीमारियों के इलाज में करते आ रहे हैं। यह न सिर्फ़ खाने में स्वाद लाता है, बल्कि उससे कहीं ज़्यादा चमत्कारिक होता हैं। इस अद्भुत जड़ में 400 से ज़्यादा प्राकृतिक यौगिक होते हैं जो स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। अदरक से आपकी पाचन क्रिया दोगुनी हो सकती है, जो इसे आंत के स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन बनाता है।
भारतीय रसोई में चाय की चुस्की से लेकर दाल-सब्जी का स्वाद बढ़ाने तक, अदरक का इस्तेमाल सदियों से होता आ रहा है। आयुर्वेद के साथ-साथ मॉडर्न न्यूट्रिशन साइंस भी अदरक को गुणों की खान मानता है। इसमें मौजूद जिंजरॉल और शोगॉल जैसे बायोएक्टिव कंपाउंड शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। सीनियर क्लीनिकल डाइटीशियन डॉ. अनु अग्रवाल के अनुसार, रोजाना सीमित मात्रा में अदरक खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है।
पाचन तंत्र को रखे दुरुस्त, वजन घटाने में सहायक
अदरक भोजन को पेट से आंतों तक पहुंचाने (गैस्ट्रिक मोटिलिटी) में मदद करता है, जिससे पेट फूलना, गैस, भारीपन और अपच जैसी समस्याओं से राहत मिलती है। इसमें मौजूद जिंजरॉल शरीर में थर्मोजेनेसिस (गर्मी पैदा करने की प्रक्रिया) को सक्रिय करता है, जिससे कैलोरी बर्न होती है और भूख नियंत्रित रहती है।
पीरियड्स के दर्द में राहत, मतली और उल्टी से बचाव
अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो दर्द बढ़ाने वाले केमिकल 'प्रोस्टाग्लैंडिन' के असर को कम कर मासिक धर्म की ऐंठन से आराम दिलाते हैं। सफर के दौरान होने वाली घबराहट या सामान्य मतली और उल्टी को शांत करने में अदरक कारगर है।
सूजन में कमी और संक्रमण से बचाव
इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मांसपेशियों की अकड़न और जोड़ों के दर्द को कम करने में मददगार हैं। अदरक में एंटी-माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं, जो मौसमी सर्दी-खांसी और बैक्टीरियल इन्फेक्शन से लड़ने में शरीर की मदद करते हैं।
ब्लड शुगर और मस्तिष्क स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
डायबिटीज के मरीज भी अदरक खा सकते हैं, क्योंकि यह इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाने में सहायता करता है। रिसर्च के अनुसार, अदरक के कंपाउंड अल्जाइमर और पार्किंसंस जैसी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकते हैं। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करते हैं, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा घटता है।
एक दिन में कितना अदरक खाएं?
विशेषज्ञों के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क के लिए रोजाना दो से चार ग्राम अदरक खाना सुरक्षित माना जाता है। इसे चाय, काढ़े, सूप, दाल, सलाद या नींबू-गर्म पानी के साथ डाइट में शामिल किया जा सकता है।
किन्हें नहीं खाना चाहिए अदरक?
अदरक की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसका अधिक सेवन नुकसानदेह हो सकता है। कुछ खास स्थितियों में इससे परहेज करना चाहिए या डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। अदरक खून को पतला करने का काम कर सकता है। ऐसे में जो लोग खून पतला करने की दवाएं लेते हैं या जिन्हें ब्लीडिंग की समस्या है, उनमें रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है। अधिक मात्रा में अदरक खाने से सीने में जलन, पेट में जलन और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। प्रेग्नेंसी के दौरान अदरक का सेवन बेहद सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। एक से दो साल से कम उम्र के बच्चों को अदरक देने से बचना चाहिए। जिन लोगों को अदरक से त्वचा पर रैशेज या गले-मुंह में जलन की शिकायत होती है, उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
डेली सेवन करने वाले इन बीमारियों से सुरक्षित
वैज्ञानिक अदरक के बारे में नई-नई बातें खोजते रहते हैं। एक अध्ययन के अनुसार, जो लोग नियमित रूप से अदरक का सेवन करते हैं, वे कोरोनरी हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और फैटी लिवर रोग से सुरक्षित रह सकते हैं। यह अद्भुत जड़ रोगाणुओं से लड़ती है और समय के साथ मांसपेशियों के दर्द को कम करने में मदद करती है। अदरक के फायदे वाकई जानने लायक हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।