क्या हैं 'मेटाबॉलिक सिंड्रोम'?: जानें लक्षण और बचाव के उपाय, 50 की उम्र के बाद बढ़ जाता 40 प्रतिशत से ज्यादा खतरा

जानें लक्षण और बचाव के उपाय,  50 की उम्र के बाद बढ़ जाता 40 प्रतिशत से ज्यादा खतरा
सेव सूची

अनियमित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण भारत में एक 'साइलेंट किलर' तेजी से पांव पसार रहा है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक स्टडी के मुताबिक, देश के शहरी इलाकों में रहने वाले हर तीन में से एक वयस्क को 'मेटाबॉलिक सिंड्रोम' है। चिंता की बात यह है कि 50 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते यह आंकड़ा 40 प्रतिशत से भी ऊपर चला जाता है।

मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, ज्यादातर लोगों को शुरुआती दौर में इसका पता ही नहीं चलता, क्योंकि इसके कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखते। लेकिन यह स्थिति अंदर ही अंदर शरीर को खोखला कर हार्ट अटैक, स्ट्रोक और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कई गुना बढ़ा देती है।

क्या है मेटाबॉलिक सिंड्रोम?

डॉक्टरों के मुताबिक, मेटाबॉलिक सिंड्रोम कोई एक बीमारी नहीं है, बल्कि यह पांच गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का एक समूह है। जब किसी व्यक्ति के शरीर में एक साथ कई मेटाबॉलिक गड़बड़ियां होने लगती हैं, तो उसे मेटाबॉलिक सिंड्रोम कहा जाता है। यह सीधे तौर पर शरीर में 'इंसुलिन रेजिस्टेंस' और पेट के आसपास जमा होने वाले विसरल फैट से जुड़ा है।

पहचाननें के पांच प्रमुख पैरामीटर

मेयो क्लिनिक और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में नीचे दिए गए पांच में से कोई तीन या उससे अधिक लक्षण मौजूद हैं, तो वह मेटाबॉलिक सिंड्रोम से पीड़ित है।

पेट की चर्बी और हाई ब्लड प्रेशर

भारतीय मानकों और विशेषज्ञों के अनुसार, पुरुषों में कमर का साइज 35 से 40 इंच से ज्यादा और महिलाओं में 31.5 से 35 इंच से ज्यादा होना खतरे की घंटी है। भले ही ओवरऑल वजन सामान्य दिखे, लेकिन तोंद निकलना बड़ा संकेत हैं। ब्लड प्रेशर का स्तर लगातार 130/85 mmHg या उससे अधिक रहना।

हाई ब्लड शुगर और ट्राइ​ग्लिसराइड्स का बढ़ना

खाली पेट ब्लड शुगर का स्तर 100 mg/dL या उससे ज्यादा होना। ब्लड टेस्ट में ट्राइग्लिसराइड जो एक प्रकार का फैट होता हैं उसका स्तर 150 mg/dL या उससे अधिक आना।

गुड कोलेस्ट्रॉल का कम होना

पुरुषों में एचडीएल कोलेस्ट्रॉल 40 mg/dL से कम और महिलाओं में 50 mg/dL से कम होना। बिना मेहनत के जल्दी थकान होना, दिन भर सुस्ती महसूस करना और गर्दन या बगल के आसपास की त्वचा का काला पड़ना भी इसके संकेत हो सकते हैं।

बचाव और नियंत्रण के आसान उपाय

विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते लाइफस्टाइल में बदलाव करके मेटाबॉलिक सिंड्रोम को पूरी तरह रिवर्स किया जा सकता है। थाली से रिफाइंड कार्ब्स (मैदा, सफेद चावल, चीनी) और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड पैकेटबंद फूड कम करें। इसकी जगह फाइबर युक्त साबुत अनाज, हरी सब्जियां, दालें और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें। हफ्ते में कम से कम 150 मिनट तेज चलना, साइकिल चलाना, योग या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें। लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से बचें। शरीर के कुल वजन का सिर्फ 5% से 7% भी कम करने से ब्लड शुगर, बीपी और कोलेस्ट्रॉल में बड़ा सुधार देखा जाता है। रोजाना सात से आठ घंटे की गहरी नींद लें। अत्यधिक तनाव शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ाता है, जिससे पेट की चर्बी और शुगर बढ़ती है। 30 साल की उम्र के बाद साल में कम से कम एक बार अपना लिपिड प्रोफाइल, फास्टिंग शुगर और ब्लड प्रेशर जरूर चेक कराएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।