सर्दियों में गुड़ खाने के प्रमुख स्वास्थ्य लाभ: सदियों से माना जाता है सेहत का खजाना, चीनी के मुकाबले कहीं अ​धिक स्वास्थ्यवर्धक

सदियों से माना जाता है सेहत का खजाना, चीनी के मुकाबले कहीं अ​धिक स्वास्थ्यवर्धक
सेव सूची

सर्दियों के दस्तक देते ही भारतीय रसोई और खान-पान में पारंपरिक चीजों की मांग बढ़ जाती है। इन्हीं में से एक है 'गुड़', जिसे सदियों से सेहत का खजाना माना जाता रहा है। सफेद चीनी के मुकाबले गुड़ को कहीं अधिक स्वास्थ्यवर्धक और प्राकृतिक विकल्प माना जाता है। आयरन, मैग्नीशियम, पोटेशियम, जिंक और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्वों से भरपूर गुड़ ठंड के मौसम में शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है। हालांकि, चिकित्सकों और आहार विशेषज्ञों का मानना है कि गुणों की खान होने के बावजूद गुड़ हर किसी के लिए अनुकूल नहीं है। ऐसे में इसके फायदों के साथ-साथ इससे जुड़ी सावधानियों को जानना भी बेहद जरूरी है।

गुड़ की तासीर प्राकृतिक रूप से गर्म होती है। इसमें मौजूद थर्मोजेनिक गुण शरीर में ऊर्जा का संचार करते हैं और तापमान को संतुलित बनाए रखते हैं। कड़ाके की ठंड में गुड़ का सीमित सेवन हाइपोथर्मिया और ठंड लगने जैसी समस्याओं से बचाव करने में सहायक होता है। सर्दियों में अक्सर गरिष्ठ भोजन के कारण अपच, गैस और कब्ज की शिकायत बढ़ जाती है। दोपहर या रात के भोजन के बाद गुड़ का एक छोटा टुकड़ा खाने से पाचन एंजाइम सक्रिय होते हैं। यह आंतों की सफाई कर मल त्याग को सुगम बनाता है और एसिडिटी से राहत दिलाता है।

खून की कमी से बचाव और इम्यूनिटी बूस्टर

गुड़ आयरन और फोलेट का एक उत्कृष्ट प्राकृतिक स्रोत है। जिन लोगों या महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी होती है, उनके लिए सर्दियों में गुड़ का नियमित सेवन बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद कर शरीर की थकान और कमजोरी को दूर करता है। बदलते मौसम और गिरते तापमान के बीच सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। गुड़ में मौजूद जिंक, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। अदरक, काली मिर्च या तुलसी के काढ़े में गुड़ मिलाकर पीने से गले की खराश और बंद नाक में तुरंत आराम मिलता है।

श्वसन तंत्र और फेफड़ों की सफाई के साथ जोड़ों के दर्द में राहत

सर्दियों में प्रदूषण और ठंडी हवा के कारण सांस लेने में तकलीफ बढ़ जाती है। गुड़ में एंटी-एलर्जिक गुण पाए जाते हैं, जो श्वसन नली की सूजन को कम करने और फेफड़ों को साफ रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा यह रक्त को शुद्ध कर त्वचा की नमी और प्राकृतिक चमक को भी बरकरार रखता है। ठंड के मौसम में बुजुर्गों और गठिया के मरीजों को जोड़ों में अकड़न व दर्द की समस्या अधिक सताती है। गुड़ में कैल्शियम और फास्फोरस की भी कुछ मात्रा पाई जाती है। अदरक के एक छोटे टुकड़े के साथ गुड़ का सेवन करने से जोड़ों के दर्द और सूजन में काफी आराम मिल सकता है।

इन लोगों को रहना चाहिए सावधान

आहार विशेषज्ञों के अनुसार, गुड़ के अनेक फायदों के बावजूद कुछ विशेष स्वास्थ्य स्थितियों में इसका सेवन नुकसानदायक साबित हो सकता हैं। आम धारणा है कि चीनी की जगह गुड़ खाना सुरक्षित है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। गुड़ का ग्लाइसेमिक इंडेक्स अधिक होता है और इसमें सुक्रोज प्रचुर मात्रा में होता है, जो ब्लड शुगर के स्तर को तेजी से बढ़ा सकता है। डायबिटीज रोगियों को चिकित्सक की सलाह के बिना इसका सेवन नहीं करना चाहिए। गुड़ में कैलोरी की मात्रा काफी अधिक होती है। जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें इसका सेवन बेहद सीमित मात्रा में करना चाहिए, अन्यथा वजन बढ़ सकता है। चूंकि गुड़ की तासीर गर्म होती है, इसलिए जिन लोगों को पेट में जलन, मुंह के छाले, नाक से खून आने या पेट के अल्सर की समस्या है, उन्हें अधिक गुड़ खाने से बचना चाहिए। गुड़ से यदि किसी को त्वचा पर चकत्ते या एलर्जी की शिकायत हो, तो तुरंत इसका सेवन बंद कर दें।

कैसे और कितनी मात्रा में करें सेवन?

चिकित्सकों के मुताबिक, एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति के लिए सर्दियों में प्रतिदिन 20 से 30 ग्राम गुड़ का सेवन पर्याप्त है। अधिकतम पोषण के लिए इसे भुने हुए चने, मूंगफली, तिल या घी के साथ खाया जा सकता है। यह संयोजन न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को प्रोटीन और हेल्दी फैट्स भी प्रदान करता है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।