बिहार में नाबालिग लड़की से छेड़खानी करने वाले मुख्य आरोपी का एनकाउंटर: सात पर दर्ज हुआ मुकदमा, तीन गिरफ्तार
जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी और अभद्रता के मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जमुई-लखीसराय सीमा के नगर थाना क्षेत्र में जब पुलिस आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करने और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। नंदन यादव के साथ उसका एक और मुख्य साथी हरेराम यादव भी पकड़ा गया है, जिसका भागने के दौरान पैर फ्रैक्चर हो गया है।
आरोपी की तलाश कर रही थी पुलिस
बताया जा रहा है कि छात्रा से छेड़खानी करने वालों में सबसे आगे नंदन यादव ही था। उसी ने छात्रा के साथ बेहद ही शर्मनाक हरकत की थी। इसके बाद से ही पुलिस उस पर एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इनमें से 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसी के बाद पुलिस नंदन यादव की तलाश में थी। इसी बीच पुलिस को उसके जमुई में ही छिपे होने की खबर मिली।
भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में मारी गोली
नंदन यादव ही इस केस में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस जानकारी जुटाते हुए उसके ठिकाने मड़वा पहाड़ी पर पहुंच गई। वहां पुलिस ने नंदन को चारों तरफ से घेर लिया और उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि नंदन ने इस दौरान भागने पर कोशिश की तो पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई। गोली नंदन यादव के पैर में लगी। इसके बाद वो वहीं गिर गया। फिर पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले आई।
पॉक्सो एक्ट के तहम दर्ज था मुकदमा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक एक नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ बदसलूकी व छेड़खानी करते नजर आ रहे थे। इसके बाद जनता में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।











