बिहार में होटल में युवती से मारपीट: ह​थियार दिखाकर आरोपी ने किया दुष्कर्म, घटना का वी​​डियो बनाकर सोशल मीडिया पर ​किया वायरल

बिहार|

बेगूसराय जिले से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक अत्यंत जघन्य घटना सामने आई है। यहां नगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे (NH 31) के किनारे स्थित एक होटल में एक युवती को बंधक बनाकर न केवल उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि हथियार की नोक पर दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया गया। संवेदनहीनता की हद पार करते हुए आरोपियों ने इस पूरी घटना का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुप्स पर वायरल कर दिया।

पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, पीड़िता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ऋण वसूली के लिए अपने घर से निकली थी। रास्ते में उसे उसके ही गांव का एक परिचित युवक मिला, जो उसे अपनी बाइक पर बैठाकर बहला-फुसलाकर नगर थाना क्षेत्र के एक होटल में ले गया। वहां उस युवक ने पीड़िता को एक दूसरे लड़के के हवाले कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि होटल के कमरे के अंदर मुख्य आरोपी, जिसकी पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित कुमार के रूप में हुई है, उसने उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती को लात-घूंसों, जूते-चप्पलों से बेरहमी से पीटा गया और बाल पकड़कर घसीटा गया। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू व हथियार का डर दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया गया।

सूझबूझ से बची जान

बर्बरता के बीच पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह बाथरूम जाने का बहाना बनाया और खुद को अंदर बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने मोबाइल से परिजनों को फोन कर आपबीती सुनाई और अपनी लोकेशन दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत होटल पहुंचे और युवती को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। नगर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित कुमार और उसके सहयोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बेगूसराय नगर थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मामले पर गरमाई राजनीति

इस खौफनाक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर नीतीश सरकार और एनडीए प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक बताया है और अपराधियों को कड़ा संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।