बिहार में नाबालिग छात्र-छात्रा से मनचलों ने की बदसलूकी: पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, राहुल गांधी ने किया ट्विट

बिहार के जमुई में कक्षा दसवीं के नाबालिग छात्र-छात्रा से सड़क पर हुई बदसलूकी और छेड़खानी के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना को लेकर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी और दोषियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की हैं। जहां दो नाबालिग छात्र-छात्राओं को भीड़ ने घेर लिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ मनचले नाबालिग लड़की को जबरन रोककर उसके साथ छेड़खानी और खींचतान करते नजर आ रहे हैं। छात्रा हाथ जोड़कर रोते हुए उन्हें छोड़ देने की मिन्नतें कर रही है, जबकि उसके दोस्त का कॉलर पकड़कर उसे दूर खींचा जा रहा है।
वीडियों देख पुलिस ने खुद दर्ज की एफआईआर
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोगों के आक्रोश के बाद जमुई पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की। जमुई के पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
राहुल गांधी ने बिहार की कानून व्यवस्था पर उठाएं सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि जमुई का यह वीडियो बेहद विचलित करने वाला है। उन्होंने इस मानसिकता को "पितृसत्तात्मक सोच" करार देते हुए बिहार सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने वीडियो में दिख रहे हर दोषी की पहचान कर उन पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा चलाने और तत्काल न्याय की मांग की।










