बिहार में राजद विधायक के ममेरे भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या: बाइक से जा रहा था विश्वविद्यालय, लोगों में दहशत

बिहार के मधेपुरा में बाइक सवारों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के वार्ड-7 निवासी सुनील यादव के बेटे प्रिंस रंजन (25) के रूप में हुई है। वह पीएचडी के छात्र थे और राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई भी थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से अपने घर से बीएन मंडल विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर से पश्चिम बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल प्रिंस रंजन को आनन-फानन में मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। विश्वविद्यालय जा रहे पीएचडी छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

