बिहार में भीषण सड़क हादसा: तिलक समारोह से लौट रही कार नहर में गिरी, छह लोगों की मौत

अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास हुआ, जहां सात लोगों को ले जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नहर में जा गिरी।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी सात लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित थुमहा गांव के निवासी थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी से भरी नहर में समा गई।
मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने शोर सुनकर बचाव कार्य शुरू किया और सूचना मिलने पर ताराबाड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी सातों लोगों को नहर से बाहर निकाला गया और तत्काल अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को भी नहर से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान चालक कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य अमन (20), यश कुमार (16), सौरभ कुमार (15) और आर्यन (15) के रूप में हुई है। हादसे में जीवित बचे एकमात्र युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गांव में पसरा मातम
अररिया सदर अस्पताल के डॉक्टर नीरज कुमार और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई है। एक ही गांव के छह लोगों की असामयिक मौत की खबर से सुपौल के थुमहा गांव में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।