बिहार में ट्रक और कार की भीषण टक्कर: पांच लोगों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के समीप हुई।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एक कार में सवार होकर देवघर से लखीसराय की ओर लौट रहा था। इसी दौरान गुणसागर के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस दर्दनाक हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों में राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28) और बादल कुमार और कार चालक जाफर आलम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हताहत हुए लोग मोतिहारी के निवासी थे। हादसे में घायल हुए चार अन्य लोगों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।