बिहार में दो नाबालिग बहनों की मौत: पिता हिरासत में, ​करंट लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस

बिहार|
पिता हिरासत में, ​करंट लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस
सेव सूची

पूर्वी चंपारण में दो नाबालिग बहनों की उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में लड़कियों के पिता को हिरासत में लिया गया है। दोनों बच्चियों के शव डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेम्भुआपुर गांव स्थित उनके घर से बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अंजलि कुमारी (13) और जूली कुमारी (12) के रूप में हुई है।

डुमरियाघाट थाने के प्रभारी विवेक कुमार बलेन्दु ने बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि घर में करंट लगने से दो बच्चियों की मौत हो गई है। हालांकि, पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला जहर देकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बच्चियों की मां घर से गायब थी, जबकि उनके पिता संतोष राय को हिरासत में ले लिया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक बच्चियों के नाना की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें उनके पिता संतोष राय और परिवार के छह अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके अलावा, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात दोनों बच्चियों ने अपनी मां के साथ एक कमरे में खाना खाया और सोने चली गई थीं। उनकी छोटी बहन अपनी दादी के साथ सोई थी, जबकि बड़ा भाई अपने ननिहाल में था।

ऑर्केस्ट्रा देखने गया था पिता

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान संतोष राय ने पुलिस को बताया कि वह गांव में एक शादी समारोह में ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम देखने गया था। सुबह मछली और रोटी लेकर घर लौटा तो उसने अपनी दोनों बेटियों को मृत पाया। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।