बिहार में कार-ट्रक की भीषण टक्कर: दो लोगों की जिंदा जलकर मौत, डीजल टैंक फटते ही आग का गोला बनी कार

बिहार|1 घंटा पहले
दो लोगों की जिंदा जलकर मौत, डीजल टैंक फटते ही आग का गोला बनी कार

बिहार के गया जिले में भीषण सड़क हादसे में कार और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग ने दो लोगों की जान ले ली। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। वहीं कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

यह हादसा बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, खाद से लदा ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा में फोरलेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसी समय डोभी की ओर से पटना जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई।

टक्कर के साथ ही ट्रक का डीजल टैंक फट गया और डीजल फैलने से दोनों वाहनों में आग लग गई। आग कुछ ही क्षणों में इतनी विकराल हो गई कि कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका। कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा। लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

कार से मिली शराब की खाली बोतलें

हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को कार के मलबे के पास से शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं दुर्घटना के समय कार सवार नशे की हालत में तो नहीं थे। हालांकि अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जेसीबी और क्रेन से हटाए गए जले वाहन

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद फोरलेन पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों और घायल चालक की पहचान वाहन के दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है। वहीं फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।