बिहार में सड़क हादसे में दंपती समेत 3 की मौत: अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार, पत्नी का इलाज कराने गए थे यूपी
खगड़िया के डॉक्टर दंपती और उनके चालक की मंगलवार को भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पटना-मोकामा मुख्य मार्ग पर मोकामा फ्लाईओवर पार करने के बाद करनाल गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही माड़र समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान माड़र दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर-1 निवासी डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। कार चला रहे चालक की पहचान नवटोलिया निवासी मोहम्मद सलमान के रूप में हुई। डॉक्टर पवन कुमार गुप्ता अपनी पत्नी का इलाज कराने निजी कार से उत्तर प्रदेश गए थे। इलाज और चिकित्सकीय सलाह लेने के बाद दोनों सोमवार-मंगलवार की रात अपने पैतृक गांव माड़र लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
डिवाइडर से टकराते ही दो हिस्सों में बंटी कार
मोकामा फ्लाईओवर पार करने के बाद करनाल गांव के समीप कार अचानक बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्ष रूप से हादसे की वजह कार के अनियंत्रित होने को बताया जा रहा है। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गया। कार में फंसे तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मोकामा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला।
गांव में पसरा मातम
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मोकामा के लिए रवाना हो गए। इधर, माड़र स्थित डॉक्टर के आवास पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों की चीख-पुकार के बीच पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।











