बिहार में बदमाशों ने स्कूल पर की 18 राउंड फायरिंग: गेट पर चिपकाया 50 लाख रंगदारी का पर्चा, वारदात से शिक्षकों और छात्रों में दहशत

बिहार|13 सितंबर 2026
गेट पर चिपकाया 50 लाख रंगदारी का पर्चा, वारदात से शिक्षकों और छात्रों में दहशत

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने निजी स्कूल को निशाना बनाकर करीब 18 राउंड फायरिंग की। मुजफ्फरपुर-मोतिहारी एनएच-28 स्थित चंद्रशील विद्यापीठ के मुख्य गेट और दीवार पर गोलियां चलाने के बाद बदमाश 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला पर्चा गेट पर चिपकाकर फरार हो गए। हेलमेट पहने दोनों हमलावरों की पूरी वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की है। दो बदमाश हेलमेट लगाकर बाइक से स्कूल के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की दीवार और मुख्य गेट को निशाना बनाकर लगातार गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी घरों से बाहर निकल आए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद स्कूल के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आधा दर्जन से अधिक खोखे बरामद किए

फायरिंग के बाद मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला पर्चा चिपका मिला। इससे पुलिस के सामने मामला और गंभीर हो गया है। अब जांच की जा रही है कि स्कूल को निशाना बनाने के पीछे बदमाशों का मकसद क्या था और रंगदारी की मांग के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस स्कूल संचालक से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है। मौके से आधा दर्जन से अधिक खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फायरिंग से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया है।

जांच में जुटी पुलिस

स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में हेलमेट पहने दोनों बदमाश नजर आ रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल से मिले खोखों और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। एफएसएल यानी फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हेलमेट पहने दो बदमाश पहुंचे थे स्कूल

एसडीपीओ वेस्ट-वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे हेलमेट पहने दो बदमाश स्कूल पहुंचे थे। दोनों ने मुख्य गेट पर करीब 18 राउंड फायरिंग की। इसके साथ ही गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला पर्चा भी चिपकाया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले खोखों और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।