झाबुआ में कुएं में मिले तीन मासूमों के शव: कुछ लोगों ने बलि की जताई आशंका, गांव में पसरा मातम

बिहार|
कुछ लोगों ने बलि की जताई आशंका, गांव में पसरा मातम

झाबुआ जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर राणापुर विकासखंड के ग्राम चुई के पटेल फलिया में कुएं से तीन मासूम बच्चों का शव मिला। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है। घटना की परिस्थितियों और बच्चों की मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बच्चों की पहचान विवेक (9) पिता महेश राठौड़, मयंक (8) पिता शैलेष चौहान और विजय (9) पिता बाबू चंगोड़ के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कुएं से बच्चों के शव बाहर निकाले जाने के दौरान उनकी स्थिति देखकर ग्रामीण सिहर उठे। कुछ लोगों ने बलि की आशंका भी जताई है। हालांकि अभी तक इस आशंका की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक तथ्य सामने नहीं आया है। बच्चों की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। कुएं से शव बाहर निकालने के लिए करीब चार घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर ने कहा कि तीन बच्चों की एक साथ मौत की घटना गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने शवों की स्थिति को लेकर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से मांग की कि मामले के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच की जाए।

अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार राजेंद्र चौहान और थाना प्रभारी श्रीराम मंडलोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई करवाई। शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई गई। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को झाबुआ विधायक डॉ.विक्रांत भूरिया भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

चिकित्सक होने के नाते उन्होंने पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान भी बारीकी से निरीक्षण किया। विधायक ने थाना प्रभारी और तहसीलदार से चर्चा कर घटना की निष्पक्ष जांच करने तथा मौत के कारणों का पता लगाने पर जोर दिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में ढांढस बंधाया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।