बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान पाटलिपुत्र स्टेशन पर बवाल: परीक्षार्थियों ने ट्रेनों में की तोड़फोड़, पथराव में रेलवे आईजी घायल

पटना|3 घंटे पहले
परीक्षार्थियों ने ट्रेनों में की तोड़फोड़, पथराव में रेलवे आईजी घायल

बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने परिवहन व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ट्रेनों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में हो रही कठिनाइयों से नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन किया। जिसके कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हो गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आईं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, रेलवे अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात कुछ लोगों द्वारा हंगामा किए जाने की जानकारी मिली थी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार व्यवधान उत्पन्न करते रहे। अधिकारियों के अनुसार कई बार इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेनों को रोका गया। अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग की गई। वहीं रेलवे पहले ही दो विशेष ट्रेनों का संचालन कर चुका था। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

स्थानीय दुकानदारों को भी हुआ नुकसान

हंगामे के दौरान स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान की खबरें सामने आईं। जानकारी के अनुसार प्रदर्शन उग्र होने के बाद कुछ उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों पर भी पथराव किया। एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि उनकी दुकान में पत्थर फेंके गए। जिससे सामान क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि जान बचाने के लिए उन्हें दुकान छोड़कर भागना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

पाटलिपुत्र जंक्शन पर पथराव में आईजी जितेंद्र राणा घायल

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर पाटलिपुत्र जंक्शन पर शनिवार रात अभ्यर्थियों के हंगामे के दौरान जमकर पथराव हुआ। प्रदर्शनकारी छात्रों द्वारा किए गए पथराव में पुलिसकर्मी भी निशाना बने। इस दौरान पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। उनके गर्दन में चोट लगी है। घटना के बाद उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हंगामे के कारण कुछ समय तक रेल परिचालन भी प्रभावित रहा।

16 लाख से अधिक अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा राज्यभर के 500 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। कुल 4,128 रिक्त पदों के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कक्षपाल, मद्य निषेध सिपाही तथा चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा 17 जून तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पेन तक ले जाने की अनुमति नहीं दी गई है। सभी आवश्यक सामग्री परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।