पटना में छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरी आरजेडी: बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े कार्यकर्ता, पुलिस की हिरासत में तेजस्वी यादव

पटना|1 घंटा पहले
बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े कार्यकर्ता, पुलिस की हिरासत में तेजस्वी यादव

पटना में बुधवार को छात्रों के समर्थन में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेपी गोलंबर से लोकभवन की ओर मार्च निकाला। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्च में लगभग पांच हजार समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने डाकबंगला चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।

लोकभवन मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और राजद कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। एक कार्यकर्ता के कपड़े फटने की बात सामने आई है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों की ओर पानी की बोतलें भी फेंकीं। कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा था। कुछ लोग लकड़ी की AK-47 लेकर भी प्रदर्शन में पहुंचे। इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया। इसके बाद तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया। ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने पुलिस जवानों को निर्देश दिया कि तिरंगे का सम्मान किया जाए और लाठी का इस्तेमाल समझदारी से किया जाए।

तेजस्वी बोले- 'जेल से डरने वाला नहीं'

हिरासत में लिए जाने से पहले तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह जेल से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, "हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जेल में ही हुआ था।" तेजस्वी ने आगे कहा कि जो सत्ता में आया है, उसका जाना तय है। लोकभवन मार्च के दौरान उन्होंने सरकार को तानाशाही बताते हुए कहा कि छात्रों में गुस्सा है और छात्रों पर AK-47 से फायरिंग की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी तानाशाह सरकार नहीं चलेगी।

सीवान में AK-47 फायरिंग को लेकर प्रदर्शन

राजद का यह प्रदर्शन सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के आरोप को लेकर किया गया। तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल उठाया था कि AK-47 चलाने का अधिकार किसने दिया? उन्होंने कहा था कि छात्रों पर गोली चली और वह घायल छात्रों से मिलने भी गए थे। तेजस्वी के मुताबिक, राज्यसभा में किरण रिजिजू ने जवाब दिया कि गोली नहीं चली। वहीं, बिहार सरकार के हलफनामे में गोली चलने की बात स्पष्ट है। उन्होंने सवाल किया कि बिना आदेश के AK-47 कैसे चली?

DM-SP के ट्रांसफर पर भी सरकार को घेरा

सीवान के डीएम और एसपी के तबादले को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा था कि उनकी मांग सिर्फ तबादले की नहीं बल्कि निलंबन की है। तेजस्वी के मुताबिक, अधिकारियों की केवल अदला-बदली से समस्या का समाधान नहीं होगा। सीवान के डीएम विवेक रंजन मैत्रेय को हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया है। वहीं, एसपी पूरन कुमार झा को हटाकर भारत सोनी को नया एसपी बनाया गया है। पूरन कुमार झा को भी वेटिंग में रखा गया है।

लोकभवन और सीएम हाउस की ओर जाने वाला रास्ता बंद

मार्च को देखते हुए लोकभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया। राजद सांसद संजय यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अहंकारी सरकार के सामने नहीं झुकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्रों के भविष्य को खराब कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान डाकबंगला चौराहे पर पुलिस लगातार बैरिकेडिंग मजबूत करने की कोशिश करती रही, जबकि राजद कार्यकर्ता उसे हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।