बिहार के चंपारण में बस ने पांच लोगों को रौंदा: सड़क किनारे देख रहे थे ऑर्केस्ट्रा , दो की ऑन द स्पॉट मौत

पटना|22 अगस्त 2026
सड़क किनारे देख रहे थे ऑर्केस्ट्रा , दो की ऑन द स्पॉट मौत

बिहार के पश्चिमी चंपारण में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना लौरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर पराउ टोला बनकटवा के समीप घटी। बताया जा रहा है कि, गांव के व्यक्ति के घर बच्चे के जन्म का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी खुशी में सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे।

गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस ने सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में दो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि गांव के एक व्य​क्ति के घर छठिहार का आयोजन था। उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर ऑर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया।

अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की चपेट में आने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

हादसे में मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।