अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला: जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से किया वार, आरोपी अरेस्ट

पटना|1 घंटा पहले
जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से किया वार, आरोपी अरेस्ट

गोपालगंज जिले में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में घर के बाहर बैठे विजेंद्र नाथ तिवारी पर एक युवक ने अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव निवासी राजेश साह वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में विजेंद्र नाथ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना स्थित अस्पताल रेफर कर दिया।

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ए.के. मिश्रा के अनुसार, विजेंद्र नाथ के शरीर पर कुल्हाड़ी के कई गहरे घाव पाए गए हैं। उनकी पीठ और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले विजेंद्र नाथ तिवारी ने अपने घर के पास मिट्टी भरवाई थी। इसके बाद जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी रंजिश में आरोपी राजेश साह ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी राजेश साह के पिता महेश साह और विजेंद्र नाथ तिवारी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मामले में महेश साह जेल भी जा चुका था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी अपने पिता के जेल जाने की रंजिश रखता था और उसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पंकज त्रिपाठी की टीम ने की घटना की पुष्टि

घटना के संबंध में अभिनेता पंकज त्रिपाठी की टीम ने भी हमले की पुष्टि की है। टीम की ओर से बताया गया कि घटना गांव में हुई है और हमलावर स्थानीय व्यक्ति है। पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई फिलहाल पटना के अस्पताल में भर्ती हैं। मामले की जांच पुलिस कर रही है। इसलिए फिलहाल इससे अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।