पटना में दुर्गा मूर्ति विसर्जन में लड़के की गोली मारकर हत्या: बीच रास्ते में रुकी विसर्जन यात्रा, DSP ने खुद ट्रैक्टर चलाकर करवाया मूर्ति विसर्जन

पटना में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक नाबालिग लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह वारदात पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र के सेल्स टैक्स ऑफिस के पास बुधवार की रात करीब 9:30 बजे हुई। पूजा कमेटी के आपसी विवाद और विसर्जन यात्रा में गाना बजाने को लेकर हुए झगड़े के बाद इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद इलाके में भारी हंगामा और तोड़फोड़ शुरू हो गई, जिसे देखते हुए पटना सिटी के डीएसपी शिव शंकर कुमार ने खुद ट्रैक्टर चलाकर मां दुर्गा की प्रतिमा को सुरक्षित आगे बढ़ाया और शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न कराया।
गाना बजाने और पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान खाजेकलां के टिकिया टोली निवासी नागेन्द्र ठाकुर के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, सभी लोग शांति से विसर्जन यात्रा में जा रहे थे। इसी बीच युवकों के दो गुटों में गाना बजाने और पूजा कमेटी की पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने पहले कुंदन को एक गली में खींचकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया और फिर उसे गोली मार दी। कुंदन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आक्रोशित लोगों सड़क जाम कर किया भारी तोड़फोड़
कुंदन की मौत की खबर फैलते ही विसर्जन यात्रा में शामिल भीड़ का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और विसर्जन जुलूस में शामिल ऑर्केस्ट्रा-डीजे ट्रॉली सहित कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामे के कारण मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बीच रास्ते में ही रुक गया।

DSP ने खुद ट्रैक्टर चलाकर संपन्न करवाया विसर्जन
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पटना सिटी के डीएसपी शिव शंकर कुमार ने तुरंत मोर्चा संभाला। विसर्जन के काम में कोई बाधा न आए और माहौल और न बिगड़े, इसके लिए डीएसपी ने खुद ट्रैक्टर चलाया। उन्होंने प्रतिमा वाली गाड़ी और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को चलाकर किनारे किया और अपनी देखरेख में व्यवस्था सामान्य करते हुए सभी मूर्तियों का विसर्जन शांतिपूर्वक पूरा करवाया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कि जा रही छापेमारी
घटनास्थल से पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस ने कुंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

