बिहार में स्कूल बस ने युवक को रोंदा: मौके पर तोड़ा दम, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
मधेपुरा जिले के आलमनगर नगर पंचायत अंतर्गत सोनामुखी चौक पर मंगलवार की सुबह एक सड़क पर दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने आगे चल रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बिहार के मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया, बस में तोड़फोड़ की और करीब तीन घंटे तक मुख्य सड़क को जाम रखा। मृतक युवक की पहचान इटहरी पंचायत के भ्रमपुर टोला (वार्ड संख्या सात) निवासी सुनील मंडल के 19 वर्षीय पुत्र झाबो मंडल के रूप में की गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
पीछे से मारी जोरदार टक्कर
घटना के समय मौजुद लोगों ने बताया कि यह दर्दनाक हादसा मंगलवार की सुबह करीब 8:15 पर हुआ। युवक अपनी मोटरसाइकिल से सोनामुखी चौक होकर गुजर रहा था। चौक पर बने स्पीड ब्रेकर के पास पहुंचते ही उसने अपनी बाइक की रफ्तार थोड़ी धीमी की। तभी पीछे से काफी तेज गति से आ रही एक स्थानीय निजी कृष्णा बोर्डिंग स्कूल की खाली बस ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए युवक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक बस के निचले हिस्से में फंस गई, जिसके कारण बस आगे नहीं बढ़ पाई और हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया।
जांच के बाद डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को उठाकर तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लापरवाही से बस चलाने का आरोप
युवक की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए स्कूल की बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद मृतक के शव और बस को सड़क पर रखकर सोनमुखी चौक को पूरी तरह जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे।
सड़क पर लगाया जाम
सड़क जाम होने के कारण आलमनगर-मधेपुरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आलमनगर थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटाने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश और मामले की कानूनी छानबीन में जुटी है।











