पटना में भीषण सड़क हादसे में युवक की मौत: भीड़ ने गाड़ियों को किया आग के हवाले, पुलिस पर किया पथराव
पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के ज़ीरो माइल इलाके में एनएच-30 पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौत के बाद भारी बवाल हुआ। आक्रोशित भीड़ ने एक बस और तीन पुलिस वाहनों समेत कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया तथा पुलिस पर पथराव किया। इस भारी हंगामे के बीच हाईवे जाम रहा। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस आक्रोशित भीड़ पर काबू पाया।
शुक्रवार की सुबह सड़क पार कर रहे 26 वर्षीय मनीष कुमार को एक तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर एनएच-30 को जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन के दौरान एक यात्री बस तथा पुलिस की तीन गाड़ियों में आग लगा दी। इस हिंसक प्रदर्शन के कारण लगभग तीन घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप रहा।
शख्स की मौत के बाद जलाई बस
प्रत्यक्षदर्शी अरविंद कुमार ने बताया कि लोगों ने सबसे पहले उस बस में आग लगा दी जिस बस से कुचलकर युवक की मौत हुई थी। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इस बीच हिंसक भीड़ ने पुलिस की गाड़ी समेत कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इधर घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं थाने की पुलिस और यातायात पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को काबू किया।
भारी पुलिस बल तैनात
आगजनी की घटना के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची लेकिन दमकलकर्मियों का सामना हिंसक भीड़ से हो गया। ऐसे में मौके से दमकलकर्मियों को भी वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस कर रही उपद्रवियों की तलाश
पटना सिटी एसडीएम सत्यम सहाय और एएसपी राज किशोर सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने शव को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अब वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।











