सिवान में अवैध पटाखों में भीषण विस्फोट: मकान में दो घंटे तक होते रहे धमाके, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

सिवान|

सीवान के जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस भयंकर हादसे में अब तक एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। आगामी दिवाली के त्योहार के दौरान घर में बड़े पैमाने पर बारूद का भंडारण कर अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि पूरा गांव दहल उठा। विस्फोट के प्रभाव से दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह जमींदोज होकर सड़क पर जा गिरा। मकान में पटाखों और बारूद का भारी स्टॉक होने की वजह से आग लगने के बाद करीब दो घंटे तक रह-रहकर लगातार धमाके होते रहे, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी भारी बाधा आई।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) भारत सोनी ने पांच शवों के बरामद होने और उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। यह घर पटाखा कारोबारी मोहम्मद अमीरुद्दीन मियां का बताया जा रहा है, जो पिछले कई वर्षों से इस काम में शामिल थे। मृतकों की पहचान की अभी पु​ष्टि नहीं हो सकी हैं। वहीं कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं।धमाका इतना भीषण था कि कुछ शवों के चिथड़े उड़ गए, जिससे उनकी पहचान करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

थानाध्यक्ष और चौकीदार सस्पेंड, जांच के लिए FSL टीम तैनात

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस मामले में स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरतने के आरोप में जामो थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की पूरी जांच के लिए महाराजगंज के एसडीपीओ अमन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके के लिए किस तरह के बारूद और रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।