एअर इंडिया की फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस: फुकेट से दिल्ली आ रहे विमान में हड़कंप, सुरक्षित लैंडिंग के बीच 12 लोग घायल
फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। अचानक आए तेज हवा के झटकों से विमान बुरी तरह हिलने लगा और कुछ समय के लिए नीचे आया। हालांकि, पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना में यात्रियों और क्रू सदस्यों सहित 12 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में जांच और उपचार के लिए भेजा गया। एअर इंडिया ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं तथा किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद विमान की सामने आई तस्वीरों में सीलिंग पैनल में दरारें दिखाई दी हैं। एयरलाइन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।











