भाजपा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला: विदेशी नेता से देश विरोधी बयान दिलवाने का आरोप, खर्च पर भी उठाए सवाल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हैदराबाद में आयोजित 'भारत शिखर सम्मेलन' को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने इस मंच के जरिए "भारत विरोधी ताकतों" को मंच मुहैया कराया। और देश को बदनाम करने एवं अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की। भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा 14 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन को 'भारत विरोधी शिखर सम्मेलन' कहना ज्यादा उचित होगा।
"राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट कर रहे हैं"
गौरव भाटिया ने कहा, "राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। शायद ही कोई ऐसा मंच हो जहां वह भारत को बदनाम करने का काम न किया जाता है। अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता लाने की साजिश न रचते हों।"उन्होंने इतालवी नेता और 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट' के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की सम्मेलन में भागीदारी का जिक्र किया। भाटिया के मुताबिक, फिलिबेक को मंच प्रदान किया गया, जहां से उन्होंने "वोट चोर, गद्दी छोड़" का नारा लगाया। भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं। और अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है।
ताली और मुस्कान पर सवाल
भाटिया ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए उन्हें "अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी" नेता प्रतिपक्ष बताया। और कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने फिलिबेक की टिप्पणियों पर आपत्ति नहीं जताई। और न ही उन्हें यह याद दिलाया कि भारत के आंतरिक मामलों पर विदेशियों को चर्चा नहीं करनी चाहिए। इसके बजाय, टिप्पणियों के दौरान गांधी ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए। भाटिया ने सवाल किया, "जब भारतीय नागरिकों ने यह वीडियो देखा, तो उन्हें गहरी पीड़ा और शर्मिंदगी महसूस हुई। भारत की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी टिप्पणियों पर नेता प्रतिपक्ष ताली कैसे बजा सकते हैं।
हंस कैसे सकते हैं और खुश कैसे नजर आ सकते हैं?
"अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए भाटिया ने यह कहा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता की भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी की बार-बार चुनावी हार ने उन्हें निराश कर दिया है। उन्होंने कहा, "राहुल, बार-बार चुनाव हारने के बाद नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत की लहर में बह रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी को 99 चुनावों में हार दिलाई है। यही उनकी निराशा है।"भाटिया ने आरोप लगाया, "मंच चाहे कोई भी हो, विदेशियों को आमंत्रित करो, उनसे भारत के खिलाफ बयान दिलवाओ और इसे अपनी उपलब्धि मानो।" उन्होंने कहा कि गांधी का एजेंडा देश को बदनाम करना है।
भाजपा शासित राज्यों के सम्मेलनों से तुलना
भाटिया ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में आयोजित निवेश शिखर सम्मेलन विदेशी निवेशकों और विचारकों को निवेश के अवसरों पर चर्चा करती है। तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और स्थिर वातावरण की सराहना करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "दुर्भाग्य से जब बात कांग्रेस शासित राज्य की आती है तो भारत के हित हाशिए पर चले जाते हैं। जिस मंच का इस्तेमाल भारत और तेलंगाना को मजबूत करने के लिए किया जाना चाहिए था। उसका इस्तेमाल भारत को कमजोर करने, नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए किया जा रहा है। और देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए किया जा रहा है।
"सरकारी धन के इस्तेमाल पर सवाल
भारत शिखर सम्मेलन पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाते हुए भाटिया ने दावा किया कि तेलंगाना सरकार की वेबसाइट के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन सरकारी धन से किया गया था। उन्होंने सवाल किया, "हम जानना चाहते हैं कि भारत की आलोचना करने वाले एक कार्यक्रम पर जनता का कितना पैसा खर्च किया गया। चूंकि आप इस कार्यक्रम के आयोजन का श्रेय ले रहे हैं। इसलिए यह भी बताएं कि कांग्रेस पार्टी ने इस पर कितना खर्च किया। क्या आप भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ टिप्पणियां करने के लिए लोगों को आमंत्रित करने पर करदाताओं का पैसा खर्च कर रहे हैं?"भाटिया ने वक्ताओं के चयन पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि कांग्रेस तथा तेलंगाना सरकार ने फिलिबेक को आमंत्रित करने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच नहीं की थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।