पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन: राहुल-प्रियंका धरने पर बैठे, हिरासत में कई कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री आवास के निकट मंगलवार को कांग्रेस ने छात्र मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा सहित पार्टी के कई सीनियर लीडर्स लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने युवा छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस बीच नारेबाजी कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है और संसद में चर्चा कराने को तैयार नहीं है। नेताओं का कहना था कि छात्रों के साथ हुई कथित घटनाओं पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के निकट विरोध दर्ज कराया।
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह छात्रों के खिलाफ हुई कथित बर्बरता का जवाब मांगने के लिए प्रधानमंत्री आवास तक मार्च कर पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो इस मामले में जवाब देना चाहती है और न ही संसद में बहस के लिए तैयार है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
हिरासत पर कांग्रेस की आपत्ति
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस सांसद के सुरेश ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती बरती गई। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्र मुद्दों पर शांतिपूर्ण विरोध कर रही थी। लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बेरहमी से हिरासत में लिया। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार छात्रों की समस्याओं पर जवाब देने के बजाय विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









