दिल्ली को मिली थोड़ी राहत: तेज हवाओं ने उड़ाया प्रदूषण, लेकिन 23 इलाके अब भी ‘बहुत खराब’
दिवाली के बाद जहरीली हवा से जूझ रही दिल्ली को मंगलवार सुबह थोड़ी राहत मिली है। तेज हवाओं की वजह से राजधानी की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है। और औसत AQI 376 से घटकर 299 पर आ गया है। जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दीपावली के अगले दिन सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया था। जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था। मंगलवार को हवा की गति तेज होने से प्रदूषणकारी कण थोड़े बिखर गए। जिससे AQI में करीब 77 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह सुधार अस्थायी है। हवा की रफ्तार कम होते ही प्रदूषण फिर बढ़ सकता है।
23 इलाकों में अब भी सांस लेना मुश्किल
मंगलवार को भी दिल्ली के 23 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सबसे ज्यादा प्रदूषण पूसा मार्ग में रहा। जहां AQI 385 दर्ज किया गया। इसके बाद चांदनी चौक में 381, आनंद विहार और बवाना समेत कई इलाकों में AQI 350 से ऊपर बना रहा। दिल्ली के कुल 59 निगरानी केंद्रों में से 57 के आंकड़े उपलब्ध थे। इनमें से किसी भी केंद्र पर हवा ‘अच्छी’ या ‘संतोषजनक’ श्रेणी में नहीं पहुंची।
AQI का गणित समझिए
CPCB के अनुसार, AQI को इस तरह बांटा जाता है। 0 से 50: अच्छा 51 से 100: संतोषजनक 101 से 200: मध्यम 201 से 300: खराब 301 से 400: बहुत खराब 401 से 500: गंभीर माना जाता है। यानी 299 AQI भले ही ‘खराब’ श्रेणी में हो, लेकिन यह अभी भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, अस्थमा और सांस के मरीजों को बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम का हाल: ठंड बढ़ी, कोहरे का अलर्ट
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्की ठंड के साथ धुंध भी देखी गई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आगे क्या?
GRAP-3 अभी भी दिल्ली-NCR में लागू है। अधिकारियों का कहना है कि अगर हवा की गति बनी रही तो आने वाले 2-3 दिनों में और सुधार हो सकता है। लेकिन पराली के धुएं और वाहनों के धुएं के कारण प्रदूषण पूरी तरह कम होने में वक्त लगेगा। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह की सैर के दौरान मास्क लगाने को कहा है। घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।