दिल्ली में सर्दी और प्रदूषण की दोहरी मार: सीजन की सबसे सर्द सुबह, 10.6 डिग्री पहुंचा पारा

नई दिल्ली|
सीजन की सबसे सर्द सुबह, 10.6 डिग्री पहुंचा पारा
सेव सूची

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। गुरुवार को दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। ठंड बढ़ने के साथ ही दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी चिंता का कारण बनी हुई है। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

289 दर्ज हुआ दिल्ली का एक्यूआई

ठंड के बीच दिल्लीवासियों को प्रदूषण से भी राहत नहीं मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह नौ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 289 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक और 101 से 200 तक मध्यम श्रेणी में माना जाता है। वहीं, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। इस तरह राजधानी में एक ओर तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ रही है, तो दूसरी ओर प्रदूषण का स्तर भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।