दिल्ली एयरपोर्ट पर 4.03 करोड़ का सोना जब्त: दरवाजे के उपकरण में छिपाई थीं छड़ें, फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपा रखा था सोना

दुबई से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास से सीमा शुल्क अधिकारियों ने 4.03 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री के सामान की तलाशी के दौरान 3.2 किलोग्राम वजन की सोने की छड़ें मिलीं। सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में जब्ती की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने यात्री को उसकी गतिविधियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर 19 अक्टूबर को रोका था।
सीमा शुल्क अधिकारियों के मुताबिक, यात्री के सामान की विस्तृत जांच में सोने की छड़ें एक फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपी मिलीं। यह दरवाजे के पास फर्श के नीचे लगाया जाने वाला यांत्रिक उपकरण है। इसका इस्तेमाल दरवाजे को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार, कथित तौर पर सोने को छिपाने और जांच के दौरान पकड़े जाने से बचने के लिए इस उपकरण का इस्तेमाल किया गया था।
सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज
अधिकारियों ने बरामद सोने का कुल वजन 3.2 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 4.03 करोड़ रुपये बताई है। मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया है। सोने की तस्करी से जुड़े इस मामले में आगे की जांच जारी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

