घरेलू एलपीजी सिलेंडर फिर महंगा: 29 रुपये की नई बढ़ोतरी लागू, गोरखपुर में अब 1004 रुपये में मिलेगा सिलेंडर

घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। इसके बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब 913 रुपये के बजाय 942 रुपये में उपलब्ध होगा। गोरखपुर में पहले सिलेंडर की कीमत 975 रुपये थी जो अब बढ़कर 1004 हो गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि की गई है। इससे पहले मार्च में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। जिसके साथ कुल वृद्धि 89 रुपये तक पहुंच गई है।
सूत्रों के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने इंटरनेशनल मार्केट में ऊर्जा लागत बढ़ने और घरेलू गैस बिक्री पर हो रहे वित्तीय नुकसान को कीमत वृद्धि का प्रमुख कारण बताया है। कंपनियों का दावा है कि मौजूदा मूल्य वृद्धि के बावजूद उन्हें घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर होने वाले नुकसान की केवल आंशिक भरपाई ही हो सकेगी।
कंपनियों ने जताया नुकसान
जानकारी के मुताबिक सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर औसतन 703 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसी कारण मूल्य संशोधन का निर्णय लिया गया। इससे पहले भी घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में कई बार बदलाव किया जा चुका है। हाल ही में पांच किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की वृद्धि की गई थी।
ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर
एलपीजी से पहले पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। तेल कंपनियों का कहना है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की कीमतों में तेजी का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। हालांकि सरकार का दावा है कि इंटरनेशनल मूल्य वृद्धि का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है। उसका एक हिस्सा तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं। इसके बावजूद रसोई गैस के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ना तय माना जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









