इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रियंका का भावुक संदेश: 'आपके जैसा कोई दूसरा नहीं होगा', खरगे ने भी किया नमन

नई दिल्ली|
'आपके जैसा कोई दूसरा नहीं होगा', खरगे ने भी किया नमन
सेव सूची

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।

सोनिया गांधी, खरगे और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इंदिरा गांधी की जयंती पर शक्ति स्थल पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इंदिरा गांधी को याद करते हुए उन्हें अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने इंदिरा गांधी को भारत की लौह महिला करार देते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया।

खरगे ने कहा कि राष्ट्र के प्रति इंदिरा गांधी का समर्पण, उनका योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

प्रियंका गांधी ने शेयर की बचपन की तस्वीर

वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ बचपन की एक तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन पर याद किया। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, ''जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसा कोई दूसरा कभी नहीं होगा।''

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने दी श्रद्धांजलि

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंदिरा गांधी को शक्ति, संवेदनशीलता, साहस और दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम बताया। गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका मजबूत नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन यह संदेश देता है कि सच्चा मजबूत नेतृत्व वही है, जो राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ रहने के साथ आम लोगों के दुख-दर्द को भी समझे। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी उन्हें याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

1917 में हुआ था जन्म, दो बार संभाली देश की कमान

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनके पिता जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री थे। इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने 1966 से 1977 तक और फिर 1980 से 1984 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।

उनके कार्यकाल की प्रमुख ऐतिहासिक घटनाओं में 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश का गठन शामिल हैं। 31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई थी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।