जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरव दास और ध्रुव राठी पुलिस हिरासत में, 45 मेट्रो स्टेशन बंद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर से जुड़े मुद्दों की जांच की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर काकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। कुछ स्थानों पर कांटे भी बिछाए गए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं तो कुछ ट्रेनें भी निरस्त कर दी गई हैं। कुछ जगहों पर इंटरनेट सेवाएं भी बंद की गई हैं। वहीं दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके पहले शनिवार की सुबह ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया था।
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिए गया है। सीजेपी ने खुद एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए यह जानकारी दी। तीनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी फ्लाइट के अंदर से हिरासत में लिया गया। अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा कि मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं; मुझे गिरफ्तार कीजिए। दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा "नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।"
राठी को दिल्ली लेकर निकली पुलिस
ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-55 इलाके से अपराध शाखा की तीन टीमों ने शनिवार सुबह लगभग छह बजे हिरासत में लिया। फिर अपराध शाखा की टीमें राठी को लेकर अपराध शाखा के एक ऑफिस में पहुंची। यहां लगभग एक घंटे तक पूछताछ की गई और दिल्ली पुलिस से संपर्क साधा गया। बाद में अपराध शाखा की टीम तीन गाड़ियों में ध्रुव राठी को लेकर एक्सप्रेस-वे से राजीव चौक होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
कनाट प्लेस पहुंचे 150 से ज्यादा प्रदर्शनकारी
करीब 150 से ज्यादा प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस पहुंच गए। पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह 1- 2 करके कनॉट प्लेस पहुंचे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर निगरानी बढ़ाई गई है, जिसकी वजह से आधे से ज्यादा सड़कों को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। गाड़ियों को आर पार होने में काफी टाइम लग लग रहा है।
इन रास्तों पर न जाएं
शंकर रोड-वंदे मातरम ‘टी’ प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक, चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, लोदी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंड अबाउट, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग समेत कई स्थानों पर जानें से बचें।
दिल्ली को बंद कर दिया गया : संजय सिंह
आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति की सुरक्षा के नाम पर पूरे देश को छावनी में बदल दिया गया है। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली को बंद कर दिया गया है और राजधानी आने वाली ट्रेनों को भी रोका जा रहा है। उन्होंने मौजूदा हालात की तुलना आपातकाल से करते हुए कहा कि स्थिति उससे भी ज्यादा खराब नजर आ रही है। संजय सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। आप सांसद ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई की आशंका के बावजूद वे विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
25 हजार जवानों की तैनाती
राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 25,000 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई है। राजधानी की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। इन इंतजामों के बीच जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

