काकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन: कई ट्रेनें की गईं निरस्त, दीपके ने कहा-मैं कल दिल्ली जरूर आऊंगा

नई दिल्ली|

नई दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी का शनिवार को प्रस्तावित धरने को देखते हुए कई ट्रेने रद कर दी गई हैं। शुक्रवार को लखनऊ मेल, गोरखधाम एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। ट्रेनें रद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं 10 अक्टूबर की सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। रेलवे ने दोनों प्रमुख स्टेशनों के आसपास भारी यातायात और परिचालन संबंधी दिक्कतों की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है।

उधर, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस धरना प्रदर्शन को अपना फुल सपोर्ट देने का फैसला किया है और सपरिवार इसमें शामिल होने की घोषणा की है। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि 10 अक्टूबर को होने वाले हमारे विरोध प्रदर्शन से पहले बीजेपी सरकार ने देश भर में हजारों युवाओं को हिरासत में लिया है। दीपके ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा कि मोदी की यह डराने-धमकाने की कोशिश काम नहीं आएगी। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने और मेट्रो बंद करने के आदेश के बाद दीपके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इमरजेंसी को ऑफिशियल बना दिया है लेकिन, देश के युवा अब उनसे डरते नहीं हैं। मैं कल दिल्ली पहुंचूंगा और जंतर-मंतर तक मार्च करूंगा।

57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का आग्रह

रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को उन कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर पहुंचना था। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन से 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का आग्रह किया है ताकि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं की आवाजाही को रोका जा सके। इस घटनाक्रम पर पत्रकारों से बात करते हुए दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए सरकार की अनुमति की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है। दीपके ने कहा कि अगर आप युवाओं से डरते हैं तो पूरे देश को बंद कर दें।

पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की इजाजत देने से किया इनकार

दिल्ली पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी और कुछ छात्र संगठनों द्वारा शनिवार को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाए गए विरोध प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इजाजत न देने की वजह के तौर पर एप्लीकेशन देर से जमा करने और पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन का हवाला दिया। दिल्ली की जॉइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने कहा कि पुलिस को विरोध प्रदर्शन की इजाजत के लिए एप्लीकेशन 7 अक्टूबर को मिली। नियमों के मुताबिक, ऐसी एप्लीकेशन 10 दिन पहले जमा की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है।

महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स हैंडल पर दिए सुझाव

महुआ मोइत्रा ने अपने एक्स हैंडल पर सुझाव दिया है कि अगर वे 10 तारीख को कॉकरोच जनता पार्टी को इजाजत नहीं देते हैं तो 11 को देंगे, या फिर 12 और 13 तारीख या फिर हर दिन... इन चोरों को बचाने के लिए मोदी-शाह आखिर कब तक दिल्ली बंद रखेंगे? वहीं सांसद महुआ मोइत्रा की एक्स पोस्ट पर सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने प्रतिक्रिया दी है। रांका ने कहा है कि यह अच्छा आइडिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।