आम आदमी को महंगाई का एक और झटका: मदर डेयरी ने 4 रुपये तक बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई दरें

नई दिल्ली|
मदर डेयरी ने 4 रुपये तक बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
सेव सूची

महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी की नई दरें 12 नवंबर 2026 यानी बृहस्पतिवार से लागू होंगी। दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब और घरेलू बजट पर पड़ेगा।

सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी होने के कारण कंपनी ने उपभोक्ताओं पर भी लागत का कुछ बोझ डालने का फैसला किया है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है।

मदर डेयरी के दूध की नई कीमतें

मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की विभिन्न श्रेणियों के दाम बढ़ाए हैं। टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध (पाउच) अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

इसके अलावा टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। गाय के दूध के दाम में भी 3 रुपये की वृद्धि की गई है। अब यह 62 रुपये के बजाय 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

छह महीने में दूसरी बार बढ़े दाम

मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था। यानी करीब छह महीने के भीतर कंपनी ने दूसरी बार दूध के दाम बढ़ाए हैं।

कंपनी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। वहीं, देशभर में इसकी दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

खाद्य महंगाई पर भी पड़ सकता है असर

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब खाद्य महंगाई पहले से ही लोगों की चिंता बढ़ा रही है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 7.74 प्रतिशत पहुंच गई, जबकि अगस्त में यह 5.97 प्रतिशत थी।

वहीं, खुदरा महंगाई दर भी सितंबर में बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 4.83 प्रतिशत थी। ऐसे में दूध के दाम बढ़ने से घरेलू खर्च बढ़ने के साथ खाद्य महंगाई पर भी दबाव पड़ सकता है। गौरतलब है कि वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये किया था।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।