नई दिल्ली में चचेरे भाई ने की किशोरी की हत्या: सूटकेस में शव भरकर झाड़ियों में फेंका, प्रेम संबंध से नाराज था युवक
बुराड़ी इलाके में प्रेम संबंध से नाराज युवक ने अपनी चचेरी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को सूटकेस में बंद किया और बुराड़ी के अजीत विहार इलाके की झाड़ियों में फेंक दिया। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। परिवार की ओर से घटना को लेकर पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना के मुताबिक स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से सूटकेस लेकर गया था, लेकिन लौटते समय उसके पास सूटकेस नहीं था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने अविनाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उसकी चचेरी बहन का एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी। परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था।
बाइक से ले जाकर शव को लगाया ठिकाने
पुलिस के अनुसार परिजनों ने अविनाश से लड़की को अपने साथ रखने के लिए कहा था। आरोपी का दावा है कि उसके साथ रहने के बावजूद किशोरी अपने प्रेमी से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी। इसी बात को लेकर 16 अगस्त को अविनाश गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सूटकेस में बंद किया और बाइक से ले जाकर बुराड़ी इलाके में ठिकाने लगा दिया।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पुलिस ने अविनाश से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर अजीत विहार की झाड़ियों में तलाश की। वहां से किशोरी का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल उससे वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।











