दिल्ली में बाइक जब्त करने पर पुलिस से भिड़े लोग: आंखों में मिर्च झोंक लाठी-डंडों से किया हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली|23 अगस्त 2026
आंखों में मिर्च झोंक लाठी-डंडों से किया हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल

बाहरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। मुकुंदपुर की जनता विहार में मोटरसाइकिल जब्त किए जाने का विरोध कर रहे लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर ईंट और डंडों से हमला कर दिया। घटना में दो हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से किशोर को पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, बीट स्टाफ के हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश जनता विहार इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जांच में एक मोटरसाइकिल मिली, जिसके वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। नियमानुसार बाइक को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने में जमा करा दिया गया। करीब साढ़े तीन बजे दोनों पुलिसकर्मी बीट पर लौटे तो बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया और ईंट व डंडों से हमला किया गया।

मदद के लिए पहुंचे पुलिसकर्मी पर भी हमला

हमले में हेड कॉन्स्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी। सहायता के लिए पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू को भी आरोपियों ने निशाना बनाया। घटना में कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य आरोपी पर पहले से पांच मुकदमे

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी संख्या 537/26 दर्ज की है। मौके से किशोर को पकड़ा गया है, जबकि मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुनील इलाके का बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले मादक पदार्थों से जुड़े हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।