नई दिल्ली में हादसे में आप-भाजपा विधायक समेत छह घायल: डिवाइडर से टकराई स्विफ्ट कार, रेलिंग पार कर इनोवा से भिड़ी
राजधानी के आईटीओ इलाके में एक तेज सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी और भाजपा के दो विधायक समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा पुराने पुलिस हेडक्वार्टर के सामने पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास हुआ। लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही इनोवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इनोवा में किराड़ी से आप विधायक अनिल झा और कर्नाटक के भाजपा विधायक अभय पाटिल समेत अन्य लोग सवार थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत स्थिर है। दोनों विधायकों की स्थिति भी सामान्य बताई गई है। स्विफ्ट कार आशुतोष पांडे चला रहे थे। उनके साथ पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे।
यातायात हुआ प्रभावित
हादसा इतना जोरदार था कि स्विफ्ट का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसके कई पार्ट्स टूटकर सड़क पर फैल गए। इनोवा के आगे का हिस्सा भी डैमेज हुआ। सूचना मिलने के बाद आईपी एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने में मदद की और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
हादसे की जांच कर रही पुलिस
स्विफ्ट चालक आशुतोष पांडे ने बताया कि वह आईटीओ की रेड लाइट से दाहिनी ओर मुड़े थे। उनके मुताबिक, मोड़ होने के कारण कार की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उन्होंने दावा किया कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने सड़क का एंगल काटते हुए उनकी कार को टक्कर मारी। एयरबैग खुलने से उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी। हालांकि, टक्कर के बाद वह खुद को संभालने में लग गए और दूसरी गाड़ी में कौन सवार था, यह नहीं देख सके। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।











