दिल्ली में युवक की चाकू मारकर की हत्या: बचाने पहुंचे गार्ड पर भी किया हमला, CCTV फुटेज चेक कर रही पुलिस
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में रविवार सुबह एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों ने युवक पर चाकू से हमला किया। पास की हाउसिंग सोसाइटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल यादव ने पुलिस को बताया कि उसने सुबह करीब चार बजे दो लोगों को युवक पर चाकू से हमला करते देखा था। उसने हमलावरों को रोकने और युवक को बचाने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद गार्ड ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में था। परिजन पुलिस की मदद से उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। आम आदमी पार्टी विधायक कुलदीप कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली में बढ़ते अपराध पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कोंडली विधानसभा क्षेत्र में एक महीने के भीतर 7-8 हत्याएं हो चुकी हैं और पॉश इलाकों में भी वारदातें हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











