दिल्ली में किशोरी से रेप के बाद हत्या: खेत के पास मिला था क्षत-विक्षत शव, तीन नाबालिग समेत चार आरोपी अरेस्ट

नई दिल्ली|

दिल्ली में 17 वर्षीय लड़की के साथ रेप के बाद चाकू घोंपकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक लड़की टेंपो में आरोपियों के साथ गई थी। तीन नाबालिगों समेत चार लोगों ने कथित तौर पर टेंपो के अंदर उसके साथ शराब पी और इसके बाद उसका यौन उत्पीड़न किया। आरोप है कि बाद में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को खुले खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक वयस्क और तीन किशोर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे।

पुलिस के अनुसार लड़की का शव 13 सितंबर को कुशक रोड स्थित जयपाल राणा के खेत के पास मिला था। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था। हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में उसके लिंग की पहचान तक नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि शव के कुछ हिस्सों को आवारा कुत्तों ने खा लिया था। उसका एक हाथ भी शरीर से अलग मिला था। लड़की के परिवार ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि लड़की अक्सर घर से चली जाती थी और कुछ दिनों बाद वापस लौट आती थी।

50 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली

पुलिस ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने और आरोपियों की पहचान शुरुआत में स्पष्ट नहीं होने के कारण जांच टीम ने इलाके और आसपास के रास्तों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संभावित रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद जांच आगे बढ़ाई। इसके आधार पर संदिग्ध टेंपो की तलाश शुरू की गई।

खड्डा कॉलोनी से मिला संदिग्ध टेंपो

पुलिस के अनुसार 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध टेंपो का पता स्वरूप नगर इलाके की खड्डा कॉलोनी में लगा। पुलिस ने टेंपो के चालक की पहचान कर उससे पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने इस अपराध से कथित तौर पर जुड़े तीन किशोरों समेत चार लोगों को पकड़ लिया।

दो चाकू और कपड़े बरामद

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान खड्डा कॉलोनी निवासी शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है। तीनों किशोरों की उम्र करीब 16 और 17 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक अपराध में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों के पहने हुए कपड़े और टेंपो बरामद कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।