राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत: आय से अधिक संपत्ति मामले में CBI-ED जांच के आदेश रद्द, हाईकोर्ट में फिर होगी सुनवाई

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उन आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच और शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति का पता लगाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को निर्देश दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि मामले की नए सिरे से सुनवाई की जाए। राहुल गांधी को याचिका में पक्षकार बनाया जाए और उन्हें सुनवाई का अवसर दिया जाए। अदालत ने याचिका की स्वीकार्यता यानी इसे सुनवाई योग्य मानने के सवाल सहित सभी पक्षों की दलीलों को खुला रखा है।
BJP कार्यकर्ता की याचिका पर हाईकोर्ट ने दिए थे जांच एजेंसियों को निर्देश
यह मामला कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। याचिका में राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से संबंधित आरोप भी उठाए गए थे।
मई में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिकायत में लगाए गए आरोपों का कानून के मुताबिक सत्यापन करने के लिए सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश दिए थे। अदालत ने एजेंसियों से शिकायत पर की गई कार्रवाई और जांच की स्थिति के बारे में जानकारी देने को भी कहा था।
इसके बाद हाईकोर्ट ने सीबीआई के जवाब पर संतोष नहीं जताया था। 20 जुलाई के आदेश में अदालत ने कहा था कि सीबीआई का जवाबी हलफनामा उसके पहले के निर्देशों के अनुरूप नहीं है। हाईकोर्ट ने जांच की प्रगति का विवरण देने के लिए सीबीआई के संयुक्त निदेशक या संबंधित अधिकारी से नया हलफनामा दाखिल करने को कहा था।
राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में दी थी चुनौती
हाईकोर्ट के आदेशों को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने दलील दी थी कि उनके पक्ष को सुने बिना ऐसे निर्देश जारी किए गए। उनके वकीलों ने याचिका की वैधता और शिकायतकर्ता के अधिकार पर भी सवाल उठाए थे।
17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट को मामले में आगे की कार्यवाही स्थगित करने का निर्देश दिया था। शीर्ष अदालत ने सीबीआई और ईडी को भी हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत रिपोर्ट दाखिल करने से रोक दिया था।
अब सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के संबंधित आदेशों को रद्द करते हुए मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए वापस भेज दिया है। हाईकोर्ट की नई पीठ खुले कोर्ट में सुनवाई करेगी और राहुल गांधी को याचिका की स्वीकार्यता समेत सभी मुद्दों पर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दिया कोई अंतिम फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में आरोपों की सत्यता पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। अदालत ने सभी पक्षों के तर्कों को खुला रखा है। अब इलाहाबाद हाईकोर्ट नए सिरे से सुनवाई करेगा और यह भी तय करेगा कि याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं। इस फैसले से राहुल गांधी को फिलहाल हाईकोर्ट के पुराने आदेशों से राहत मिली है, लेकिन आरोपों से जुड़े मामले की कानूनी प्रक्रिया समाप्त नहीं हुई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।