दिल्ली दंगा केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब

नई दिल्ली|
उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल राहत नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
सेव सूची

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों की कथित व्यापक साजिश से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कार्यकर्ता उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। दोनों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं। शीर्ष अदालत ने उनकी याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

दिल्ली पुलिस का पक्ष सु​नेगी कोर्ट

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की। इस दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया। वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने लंबे समय से जेल में बंद होने का हवाला देते हुए अंतरिम राहत मांगी।

हालांकि, पीठ ने तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए कहा, "आज नहीं।" कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर विचार करने से पहले वह दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनेगी।

तीन जजों की पीठ के गठन का भी निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों के आरोपी तस्लीम अहमद के मामले में 22 मई को दो न्यायाधीशों की पीठ की ओर से दिए गए आदेश के मद्देनजर तीन न्यायाधीशों की पीठ गठित करने का निर्देश भी दिया। उस आदेश में मामले को वृहद पीठ के पास भेजने की बात कही गई थी। इसके लिए मामले को प्रशासनिक स्तर पर प्रधान न्यायाधीश के समक्ष रखने को कहा गया।

सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल ने दलील दी कि तस्लीम अहमद के मामले में दूसरी पीठ ने मामला वृहद पीठ को भेजते समय दंगों की कथित साजिश से जुड़े सह-आरोपियों को अंतरिम जमानत दी थी।

छह साल से ज्यादा समय से जेल में बंद होने की दलील

उमर खालिद और शरजील इमाम ने अपनी याचिकाओं में लंबे समय से जेल में बंद रहने और मुकदमे की धीमी गति का हवाला दिया है। दोनों की ओर से दलील दी गई कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों से पूछताछ करने में अब तक सफल नहीं हुआ है।

शरजील इमाम ने अपनी याचिका में कहा कि इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें कुल 18 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं। अभियोजन पक्ष ने 47 संरक्षित गवाहों सहित 900 से अधिक गवाहों की सूची दी है। इमाम का दावा है कि विचाराधीन कैदी के रूप में छह साल और नौ महीने जेल में रहने के बावजूद अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह से पूछताछ नहीं कर पाया है।

उमर खालिद ने भी संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज नहीं होने का मुद्दा उठाया है। उनकी दलील है कि एक वर्ष की रोक की अवधि समाप्त होने के बाद भी जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन होगा।

हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को खारिज की थी जमानत याचिका

दिल्ली हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह न्यायिक अनुशासन से बंधा है और सुप्रीम कोर्ट के पांच जनवरी के आदेश में बदलाव नहीं कर सकता।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने पांच जनवरी को अपने आदेश में कहा था कि दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों के बयान पूरे होने या एक वर्ष की अवधि समाप्त होने, इनमें से जो भी पहले हो, उसके बाद जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी आदेश के आधार पर निचली अदालत ने चार जुलाई को दोनों की तीसरी बार दाखिल जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। निचली अदालत ने कहा था कि उसके पास सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इसके बाद दोनों ने हाईकोर्ट का रुख किया था।

पांच सह-आरोपियों को मिल चुकी है जमानत

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पांच जनवरी को पांच अन्य आरोपियों- गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत दे चुका है। हालांकि, न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति एन.वी. अंजारिया की पीठ ने उस समय उमर खालिद और शरजील इमाम को राहत देने से इनकार करते हुए कहा था कि उनके खिलाफ यूएपीए के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है।

दिल्ली दंगों में 53 लोगों की हुई थी मौत

फरवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे।

उमर खालिद और शरजील इमाम पर इन दंगों के पीछे कथित व्यापक साजिश में शामिल होने का आरोप है। दोनों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों ने इन आरोपों के आधार पर दर्ज मामले में जमानत की मांग की है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।