मनी लॉन्ड्रिंग मामला: आजम खान की अंतरिम जमानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती, जज बोले, '...तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा'

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) मामले में मिली अंतरिम जमानत को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। ईडी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के 17 नवंबर के आदेश के खिलाफ विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की है। बुधवार को एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की, लेकिन अदालत ने इस पर 19 नवंबर को सुनवाई करने का फैसला किया।
शीर्ष कोर्ट ने क्या कहा?
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के सामने ईडी की याचिका पेश की गई। एजेंसी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए मामले में यथास्थिति बनाए रखने की मांग की।
इस पर पीठ ने कहा, ''कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दीजिए।'' इसके बाद अदालत ने याचिका को 19 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
ईडी ने क्या कहा?
ईडी के सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने अपनी याचिका में कहा है कि उसे हाईकोर्ट में अपना पूरा जवाब दाखिल करने का अवसर नहीं दिया गया। गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि ईडी ने आजम खान को हिरासत में लेते समय गिरफ्तारी के लिखित आधार उपलब्ध नहीं कराए थे। अब सुप्रीम कोर्ट में 19 नवंबर को होने वाली सुनवाई में ईडी की चुनौती पर विचार किया जाएगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।